सर्दियों में कमरे की शुष्क हवा, मुंह खोलकर सोना और नाक बंद जैसे कारण गले में सूखापन और खराश की वजह हो सकते हैं।
रात को देर से भोजन करने से एसिड रिफ्लक्स से गले में जलन या परेशानी हो सकती है।
कमरे की नमी बनाए रखने, बिस्तर साफ रखने और सोने से पहले खानपान की आदतों से राहत मिल सकती है।
Sore Throat After Waking Up: सर्दियां आते ही स्किन ड्राईनेस, गले में खराश व ड्राई हेयर जैसी कई समस्याएं शुरु हो जाती हैं। ठंड में कई लोगों की सुबह गले में सूखापन, चुभन या खराश के साथ होती है। रात भर सोने के बाद सुबह उठने पर गले में दर्द, गला छिला आ या निगलने में परेशानी होने लगती है।
अक्सर लोग इसे ठंड लगने या मौसम बदलने का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, इसके पीछे बेडरूम की हवा में नमी की कमी, मुंह खोलकर सोना, नाक बंद रहना या एसिड रिफ्लक्स जैसी वजहें जिम्मेदार हो सकती हैं। अगर हर सुबह गले में खराश होती है और दिन बढ़ते ठीक हो जाती है, तो रात की आदतों को बदलने की जरूरत है।
सर्दियों में ठंडी और शुष्क हवा के कारण कमरे में नमी कम होती है। रात भर ऐसी हवा में सांस लेने से गला ड्राई हो जाता है। इससे सुबह उठने पर गले में खिंचाव, सूखापन और खराश महसूस होती है। हीटर का इस्तेमाल करने पर यह परेशानी कुछ लोगों में और बढ़ जाती है।
अगर सोते समय नाक की जगह मुंह से सांस लेते हैं, तो हवा सीधे गले से होकर गुजरती है। इससे गले में नमी कम होती है और सुबह खराश या मुंह सूखने की परेशानी होती है। नाक बंद रहना, एलर्जी या खर्राटे इसकी वजह बन सकते हैं।
धूल, मिट्टी, बिस्तर में मौजूद डस्ट और पालतू जानवरों के बाल कुछ लोगों में एलर्जी पैदा करते हैं। इससे नाक बंद और गले में बलगम जमा होना या पीछे की ओर बहने जैसा फील होता है। इसे पोस्ट नेजल ड्रिप कहा जाता है। इसकी वजह से सुबह गले में बार-बार खराश होती है।
रात में देर से खाना खाने या भोजन के तुरंत बाद लेट जाने से कुछ लोगों में एसिड रिफ्लक्स की समस्या होती है। इस स्थिति में पेट का एसिड ऊपर की ओर आकर गले में जलन, खट्टा स्वाद, खांसी या खराश पैदा करता है।
तेज खर्राटे लेने पर गले में वाइब्रेशन और सूखापन महसूस होता है। कुछ लोगों में नींद के दौरान सांस बार-बार रुकने और फिर शुरू होने की समस्या भी होती है, जिसे ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया कहते हैं। अगर खर्राटों के साथ सुबह सिरदर्द, दिन में बहुत नींद आना या रात में हांफकर उठना भी होता है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
कमरे में हवा बहुत शुष्क हो तो ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
दिनभर 2-3 लीटर पानी पिएं और सुबह उठकर सबसे पहले पानी लें।
बिस्तर, तकिए के कवर और चादर की नियमित सफाई मेंटेन करें।
नाक बंद रहती है तो नेजल ड्रॉप का इस्तेमाल या स्टीम लिया जा सकता है।
सोने से ठीक पहले भारी भोजन करने से बचें। एसिड रिफ्लक्स की परेशानी हो तो खाने और सोने के बीच गैप रखें।
धूम्रपान और तंबाकू के धुएं से दूरी बनाएं।