इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में फ्लूड बैलेंस, नर्व सिग्नल, मांसपेशियों के संकुचन और दिल की धड़कन बनाए रखने में मदद करते हैं।
थकान, मांसपेशियों में ऐंठन, कमजोरी और चक्कर इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के संकेत होते हैं।
बैलेंस डाइट और सही पेय पदार्थ लेने से इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।
How To Balance Electrolytes: गर्मी, ज्यादा पसीना आने, उल्टी या दस्त के दौरान शरीर से पानी के साथ जरूरी मिनरल्स भी निकल जाते हैं। इन्हीं मिनरल्स को इलेक्ट्रोलाइट्स कहा जाता है। ये शरीर के कई जरूरी कामों में मदद करते हैं। इलेक्ट्रोलाइट लेवल बहुत कम या ज्यादा होने पर सेहत पर असर पड़ता है। इसलिए सिर्फ पानी पीना ही नहीं, शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।
इलेक्ट्रोलाइट्स एक प्रकार के मिनरल्स होते हैं, जो शरीर के तरल पदार्थों में घुलकर इलेक्ट्रिक चार्ज पैदा करते हैं। ये शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने, नसों के जरिए ब्रेन तक संदेश पहुंचाने, मांसपेशियों के काम करने और हार्ट बीट को सामान्य बनाए रखने में मदद करते हैं।
सोडियम- इसका काम शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने और नर्व-मसल्स के काम को नियंत्रित करने में मदद करता है।
पोटैशियम- दिल की धड़कन और मांसपेशियों के सामान्य काम-काज के लिए जरूरी है।
क्लोराइड- शरीर में फ्लूड बैलेंस और ब्लड प्रेशर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
कैल्शियम- हड्डियों और दांतों के अलावा मांसपेशियों और नसों के काम के लिए जरूरी है।
मैग्नीशियम- मांसपेशियों, नसों और दिल के सामान्य काम में मदद करता है।
फॉस्फेट- हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने के साथ कोशिकाओं के काम में मदद करता है।
बाइकार्बोनेट- खून में एसिड और बेस का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
इलेक्ट्रोलाइट्स का स्तर कम या ज्यादा होने पर शरीर में कई तरह के बदलाव महसूस होते हैं। बिना ज्यादा काम किए भी थकान या कमजोरी महसूस होना इसका एक संकेत होता है। इसके अलावा पैरों या हाथों की मांसपेशियों में क्रैम्प्स और खिंचाव होने लगता है। कुछ लोगों को सिर हल्का महसूस होता है या चक्कर आने की समस्या हो जाती है।
इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के कारण सिरदर्द, जी मिचलाना और उल्टी भी हो सकती है। कुछ मामलों में दिल की धड़कन तेज, धीमी या अनियमित हो सकती है। वहीं, इलेक्ट्रोलाइट्स का स्तर बिगड़ने पर हाथ-पैरों में सुन्नपन या झनझनाहट महसूस होती है।
केला, संतरा और नारियल पानी पोटैशियम के अच्छे स्रोत हैं। इसे अपनी डाइट में शामिल करें।
दूध और दही जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स कैल्शियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस देते हैं।
पालक और हरी सब्जियां मैग्नीशियम सहित कई जरूरी मिनरल्स मिलते हैं।
दाल और बीन्स पोटैशियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस के अच्छे स्रोत हैं।
बादाम, कद्दू के बीज और मूंगफली से मैग्नीशियम मिलता है।