Calcium Foods For Strong Bones: हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम जरूरी होता है और कैल्शियम का नाम आते ही सबसे पहले दूध और डेयरी प्रोडक्ट का ख्याल आता है। मजबूत हड्डियों और दांतों के लिए दूध पीना जरूरी है। लेकिन कई लोगों को दूध पसंद नहीं होता है और कई लोग लैक्टोज इंटोलरेंट होते हैं, तो कई लोगों को इससे पेट फूलने या पाचन संबंधी परेशानी होती है। क्या बिना दूध पिए भी शरीर में कैल्शियम की जरूरत पूरी की जा सकती है?
बता दें कि दूध के अलावा भी कई खाद्य पदार्थ कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें डाइट में सही तरीके से शामिल करने से शरीर की कौल्शियम की जरूरत पूरी हो सकती है। आइए जानते हैं ऐसे 7 खाद्य पदार्थों के बारे में, जिनसे आप दूध न पीने पर भी कैल्शियम की कमी को पूरा कर सकते हैं।
कैल्शियम शरीर में हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के साथ मांसपेशियों की मजबूती, नसों के जरिए ब्रेन को मैसेज देना और खून के थक्के बनने की सामान्य प्रक्रिया में भी मदद करता है।
रागी यानी मंडुआ का आटा कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। 100 ग्राम रागी में लगभग 344 मिलीग्राम कैल्शियम पाया जाता है। इसे रोजाना की डाइट में शामिल करने के लिए रागी की रोटी, डोसा, चीला या दलिया बना सकते हैं। अंकुरित रागी का इस्तेमाल और भी अच्छा विकल्प है।
सफेद और काले तिल दोनों में कैल्शियम पाया जाता है। खासतौर पर तिल को सर्दियों की डाइट में शामिल करना आसान है। आप तिल की चटनी, तिल के लड्डू या भुने हुए तिल सलाद और सब्जियों पर डालकर खा सकते हैं।
सोयाबीन और उससे बने खाद्य पदार्थ जैसे टोफू उन लोगों के लिए अच्छे विकल्प हैं, जो दूध और डेयरी उत्पाद नहीं लेते। इनमें कैल्शियम के साथ प्रोटीन भी मिलता है। टोफू की सब्जी, सोया चंक्स, सोया टिक्की या सोयाबीन की दाल बनाकर खा सकते हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियों में भी कैल्शियम की अच्छी मात्रा होती है। चौलाई के पत्ते, सहजन के पत्ते और करी पत्ते में कैल्शियम पाया जाता है। आप इनसे सब्जी, दाल, साग या चटनी बना सकते हैं।
काला चना, चना दाल, उड़द दाल और राजमा जैसे खाद्य पदार्थ से भी कैल्शियम मिलता हैं। इनके अलावा इनसे प्रोटीन और फाइबर भी मिलता है। आप नाश्ते में उबला चना, दोपहर में दाल और रात के खाने में राजमा या अन्य फलियों को शामिल कर सकते हैं।
बादाम में कैल्शियम के साथ प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट भी होते हैं। आप रोजाना अपनी डाइट में सीमित मात्रा में बादाम शामिल कर सकते हैं। हालांकि, सिर्फ बादाम खाने से शरीर की पूरी कैल्शियम जरूरत पूरी नहीं होगी।
कैल्शियम की जरूरत उम्र और शारीरिक अवस्था के अनुसार अलग-अलग होती है। एक रिपोर्ट के अनुसार वयस्क पुरुष और महिलाओं को प्रतिदिन लगभग 1000 मिलीग्राम कैल्शियम की जरूरत होती है।
विटामिन D का ध्यान रखें। यह शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। इसकी कमी होने पर हड्डियों की सेहत प्रभावित होती है।
डाइट में डायवर्सिटी रखें। रागी, तिल, दाल, सोयाबीन और हरी सब्जियों को अलग-अलग समय पर शामिल करें।
नियमित एक्सरसाइज करें। वॉकिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और वजन उठाने वाली एक्सरसाइज हड्डियों की सेहत बेहतर बनाती है।