Hariyali Teej Look: हरियाली तीज आते ही महिलाओं के बीच अपने तीज लुक को लेकर तैयारियां बढ़ जाती हैं। एक अलग ही उत्साह नजर आने लगता है। साड़ी, मेहंदी, चूड़ियां, गहने और खूबसूरत हेयरस्टाइल, तीज-त्योहार के दिन तैयार होने का भाव दोगुना कर देती है। खास बात यह है कि तीज के लुक में हरा रंग सिर्फ एक फैशन चॉइस नहीं, बल्कि इस त्योहार की पहचान से भी जुड़ा हुआ है।
सावन की हरियाली को ध्यान में रखते हुए हरे रंग के कपड़े और श्रृंगार का इस्तेमाल किया जाता है। अगर इस बार आप भी अपने तीज लुक को थोड़ा ट्रेडिशनल और थोड़ा मॉडर्न रखना चाहती हैं, तो इन 7 चीजों को अपने तीज लुक में जरूर शामिल करें।
हरियाली तीज के लिए हरी साड़ी सबसे क्लासिक चॉइस है। इस बार सिर्फ एक ही शेड तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है। बॉटल ग्रीन, मिंट ग्रीन, ऑलिव और पैरट ग्रीन जैसे शेड्स आपके लुक को अलग अंदाज दे सकते हैं।
फैब्रिक की बात करें तो ऑर्गेंजा और लाइटवेट सिल्क एलिगेंट लुक देते हैं, जबकि कॉटन-सिल्क या हल्की साटन साड़ी लंबे समय तक पहनने के लिए ज्यादा आरामदायक विकल्प होती है।
तीज के श्रृंगार में चूड़ियों की अपनी खास जगह है। हरी कांच की चूड़ियों को सिर्फ हरे सेट में पहनने के बजाय लाल, पीली, सुनहरी या दूसरी रंगीन चूड़ियों के साथ लेयर करके भी पहना जा सकता है। इससे कलाई पर एक खूबसूरत और फेस्टिव लुक आता है। अगर साड़ी बहुत हैवी है, तो चूड़ियों को थोड़ा सिंपल रखें, वहीं सादी साड़ी के साथ कलरफुल बैंगल सेट ज्यादा खूबसूरत लग सकता है।
मेहंदी के बिना तीज का श्रृंगार कुछ अधूरा-सा लगता है। इस बार मारवाड़ी मेहंदी आपके लुक में रॉयल टच जोड़ सकती है। फ्लोरल डिजाइन, मयूर मोटिफ, मंडला आर्ट, लोटस कटवर्क और जाल वर्क जैसे डिजाइन तीज के पारंपरिक माहौल के साथ खूब जंचते हैं।
अगर आपको बहुत भरी हुई मेहंदी पसंद नहीं है, तो फूल-पत्ती और स्पेसिंग वाले डिजाइन चुनें। इससे हाथ खूबसूरत भी दिखेंगे और डिजाइन ज्यादा भारी भी नहीं लगेगा।
साड़ी के साथ हेयरस्टाइल लुक को पूरी तरह बदल सकता है। तीज के लिए गजरे वाला जूड़ा सबसे आसान और खूबसूरत ऑप्शन है। साधारण लो-बन या गोल जूड़े के चारों ओर सफेद गजरा लगाकर आप तुरंत ट्रेडिशनल लुक पा सकती हैं। अगर कुछ मॉडर्न ट्राई करना चाहती हैं तो ट्विस्टेड ब्रेड वाला लो-बन, मोती वाला फ्रेंच बन या गुलाब से सजा जूड़ा भी अच्छा विकल्प है।
अगर आप पूरे आउटफिट को हरे रंग में नहीं रखना चाहतीं, तो ग्रीन नेल आर्ट के जरिए भी तीज लुक में यह रंग शामिल कर सकती हैं। मिंट ग्रीन, पेस्टल ग्रीन या डीप ग्रीन नेल्स के साथ गोल्डन डिटेलिंग, छोटे फ्लोरल पैटर्न या मिनिमल डिजाइन काफी सुंदर लग सकते हैं। साड़ी और चूड़ियों के रंग से मैच करता नेल पेंट पूरे लुक को कोऑर्डिनेटेड बना देगा।
हरी साड़ी के साथ जरूरी नहीं कि हर चीज मैचिंग हो। आप कुंदन, पर्ल या गोल्ड ज्वेलरी के साथ कॉन्ट्रास्ट इफेक्ट भी बना सकती हैं। हरे और गोल्डन रंग का कॉम्बिनेशन खास तौर पर फेस्टिव और रॉयल लगता है। अगर साड़ी और चूड़ियां पहले से हैवी हैं, तो नेकलेस हल्का रखें और सिर्फ झुमके या स्टेटमेंट ईयररिंग्स पर फोकस करें।
हरियाली तीज के लुक को पूरा करने के लिए छोटी-सी बिंदी, सिंदूर और हल्का ट्रेडिशनल मेकअप काफी है। हरे आउटफिट के साथ लाल या मैरून बिंदी खूबसूरत कॉन्ट्रास्ट दे सकती है। इस तीज पर बहुत ज्यादा मेकअप करने के बजाय ग्लोइंग बेस, काजल, हल्का ब्लश और लिप कलर रखें। इससे साड़ी, मेहंदी और ज्वेलरी ज्यादा उभरकर दिखाई देगी। तीज के पारंपरिक श्रृंगार में बिंदी, सिंदूर, मेहंदी, गजरा और चूड़ियों जैसी चीजों का ही खास स्थान माना जाता है।
हरियाली तीज पर हरा रंग पहनना जरूरी हो सकता है, लेकिन पूरा लुक सिर से पैर तक हरा रखना जरूरी नहीं। हरी साड़ी के साथ लाल चूड़ियां, गोल्ड ज्वेलरी और सफेद गजरा या पेस्टल साड़ी के साथ सिर्फ हरी चूड़ियां और नेल आर्ट काफी हो सकता है।