घर पर मिनी कचौरी बनाने के लिए आटा और भरावन तैयार करें।
दही, हरी चटनी और इमली की चटनी से मिलेगा चटपटा स्वाद।
पार्टी से पहले की जा सकती है तैयारी, ताकि मेहमानों के सामने चाट तुरंत परोस सकें।
Diwali Party Kachori Chaat Recipe: दिवाली पर मिठाइयों के साथ चटपटे स्नैक्स भी खूब पसंद किए जाते हैं। अगर आप हर बार समोसा या पकौड़े परोसने के बजाय कुछ नया बनाना चाहती हैं, तो मिनी कचौरी चाट ट्राई करें। इसमें छोटी और कुरकुरी कचौरियों के ऊपर दही, हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी और सेंव डालकर परोसा जाता है।
इस रेसिपी की खास बात यह है कि कचौरियां पहले से तैयार की जा सकती हैं। मेहमानों के आने पर बस उन्हें सजाकर सर्व करना होगा। इससे चाट कुरकुरी भी रहेगी और आपको आखिरी समय में ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी।
1 कप मैदा
2 बड़े चम्मच सूजी
3 बड़े चम्मच तेल या घी (मोयन के लिए)
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
आधा कप धुली मूंग दाल
1 छोटा चम्मच सौंफ
आधा छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
एक चुटकी हींग
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच तेल
2 उबले आलू, छोटे टुकड़ों में कटे हुए
1 कप फेंटा हुआ दही
हरी चटनी
मीठी इमली की चटनी
बारीक सेव
बारीक कटा हरा धनिया
भुना जीरा पाउडर और चाट मसाला
सबसे पहले आटा गूंथें
एक बर्तन में मैदा, सूजी, नमक और तेल या घी डालें। हाथों से अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर हल्का बंधने लगे। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। इसे ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें।
मूंग दाल को धोकर 2-3 घंटे भिगो दें और फिर पानी अच्छी तरह निकाल लें। दाल को दरदरा पीस लें। कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा, सौंफ और हींग डालें। अब पिसी दाल और बाकी मसाले मिलाकर धीमी आंच पर भूनें। मिश्रण का पानी सूखने और भरावन के सूखा होने तक पकाएं। फिर इसे ठंडा होने दें।
आटे की छोटी लोइयां बनाकर हल्का फैलाएं। बीच में थोड़ा भरावन रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें। अब इसे हल्के हाथ से छोटी, मोटी पूरी के आकार में बेलें।
कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल बहुत तेज गर्म न हो। कचौरियां डालकर धीमी से मध्यम आंच पर तलें, ताकि वे अंदर तक पकें और बाहर से सुनहरी व कुरकुरी बनें। इन्हें निकालकर पूरी तरह ठंडा करें।
परोसने वाली प्लेट में 4-5 मिनी कचौरियां रखें। हर कचौरी को हल्का-सा तोड़ें, ताकि ऊपर की टॉपिंग अंदर तक पहुंच सके।
कचौरियों पर उबले आलू के टुकड़े डालें। ऊपर से फेंटा हुआ दही, हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी डालें।
ऊपर से भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, बारीक सेव और हरा धनिया डालें। चाहें तो थोड़ा बारीक कटा प्याज भी मिला सकती हैं। अब तुरंत सर्व करें, ताकि कचौरी का कुरकुरापन बना रहे।