सर्दियों में मिलने वाले ताजे पालक और बेसन से स्वादिष्ट देसी सब्जी तैयार करें।
बेसन को हल्का भूनकर पालक के साथ पकाने से सब्जी का स्वाद और टेक्सचर बेहतर आता है।
आसानी से बनने वाली इस सब्जी को रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ गर्मागर्म परोसें।
Besan Palak Sabji Recipe: सर्दियों में बाजार में ताजी साग-सब्जियां आसानी से मिल जाती है। इस मौसम में पालक से साग, पराठे और कई तरह की सब्जियां बनाई जाती हैं। अगर आप रोज पालक की एक ही तरह की सब्जी बनाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार बेसन-पालक की सब्जी ट्राई करें।
यह पालक की एक आसान देसी रेसिपी है, जिसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। बेसन की हल्की गाढ़ी ग्रेवी और पालक का स्वाद इसे रोटी या पराठे के साथ खाने के लिए बेहतरीन बनाता है।
पालक - 250 ग्राम
बेसन - 3 बड़े चम्मच
प्याज - 1 बारीक कटा हुआ
टमाटर - 1 बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च – 1-2
अदरक - 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
जीरा - आधा छोटा चम्मच
हल्दी - आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - स्वादानुसार
धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
तेल - 2 बड़े चम्मच
पानी - आवश्यकतानुसार
सबसे पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। ध्यान रखें कि पत्तियों में मिट्टी न रह जाए। इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और पालक को 3-4 मिनट हल्का पकाकर अलग रख दें।
अब उसी कड़ाही में बेसन डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। लगातार चलाते रहें, ताकि बेसन जले नहीं। खुशबू आने पर इसे निकालकर अलग रख दें। कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा डालें। इसके बाद प्याज, अदरक और हरी मिर्च डालकर भूनें। प्याज के हल्का सुनहरा होने के बाद टमाटर, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसाले को अच्छी तरह भुनें।
अब इसमें पका हुआ पालक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। भुने हुए बेसन में थोड़ा पानी डालकर घोल बना लें और इसे कड़ाही में डालें। जरूरत के अनुसार और पानी मिलाएं। धीमी आंच पर 5-7 मिनट पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि गांठ न पड़ें।
जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए और बेसन अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें। आपकी स्वादिष्ट बेसन-पालक की सब्जी तैयार है। इसे रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ परोसें।