दिवाली से पहले तैयार कर लें कुछ जरूरी स्नैक्स और मिठाइयां।
चटनी, मसाले और दूसरी बेसिक चीजें पहले से बनाकर रखने पर बचेगा समय।
स्मार्ट प्लानिंग से मेहमानों के साथ त्योहार का आनंद ले सकेंगी।
Diwali Ki Taiyariyan: दिवाली का त्योहार आते ही घर की सफाई, सजावट, पूजा की तैयारी और मेहमानों के स्वागत की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। ऐसे में अगर पूरा दिन किचन में ही निकल जाए, तो त्योहार का मजा कम हो सकता है। खासकर तब, जब घर पर मेहमान आने वाले हों और मिठाई से लेकर नमकीन तक सब कुछ घर पर बनाने की तैयारी हो।
इस परेशानी से बचने का आसान तरीका है कि कुछ चीजें दिवाली से एक-दो दिन पहले ही तैयार करके रख ली जाएं। इससे त्योहार के दिन आपको केवल चीजें गर्म करने, सजाने या परोसने का काम करना पड़ेगा। आइए जानते हैं ऐसी 7 चीजों के बारे में, जिन्हें पहले से तैयार करने पर दिवाली के दिन काफी समय बच सकता है।
दिवाली पर मेहमानों को चाय के साथ नमकीन परोसना आम बात है। ऐसे में मठरी, नमकपारे, शक्करपारे या रिबन पकौड़ा जैसी चीजें पहले से बनाई जा सकती हैं। इन्हें अच्छी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें, ताकि कुरकुरापन बना रहे।
दिवाली पर घर की बनी मिठाई का स्वाद ही अलग होता है। इसके लिए ड्राई फ्रूट्स, मिल्क पाउडर, नारियल या बेसन से बनी मिठाइंया बेहतर होती है। कुछ मिठाइयां कमरे के तापमान पर रखी जा सकती हैं, जबकि कुछ को फ्रिज में रखना जरूरी होता है। दूध या मावे से बनी मिठाइयां जल्दी खराब हो जाती हैं।
दिवाली के दिन पूजा की तैयारी के बीच अगरबत्ती, रोली, अक्षत, कपूर, रुई या दीपक ढूंढने में समय बर्बाद होता है। इससे बचने के लिए पूजा की पूरी सामग्री पहले ही एक थाली या टोकरी में जमा कर लें। दीयों, बातियों और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को भी पहले साफ करके रख लें। इससे पूजा के समय भागदौड़ कम होगी और आप बाकी तैयारियों पर ध्यान दे सकेंगी।
अगर आप दिवाली पर घर में चाट, टिक्की या कोई दूसरा स्नैक बनाने वाली हैं, तो उसकी जरूरी सामग्री पहले से तैयार रखें। मसाले नापकर अलग डिब्बियों में रख सकती हैं। चना, मूंगफली या दूसरी सामग्री को रेसिपी के हिसाब से छांटकर-भूनकर रख सकती हैं। ध्यान रखें कि कटी हुई सब्जियां जल्दी खराब होती है।
दिवाली पर अचानक मेहमान आ जाएं तो तुरंत कुछ परोसने के लिए ड्राई फ्रूट्स, भुने मखाने और दूसरे सूखे स्नैक्स काम आते हैं। आप इन्हें पहले से अलग-अलग कंटेनर में रख सकती हैं।
मेहमानों के आने पर बस एक प्लेट में अलग-अलग स्नैक्स सजाएं और चाय के साथ परोस दें। इससे हर बार कुछ नया बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर नमकीन या मखाने में मसाला डाल रही हैं, तो उन्हें ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें।
किचन में सबसे ज्यादा समय अक्सर यह सोचने में निकल जाता है कि क्या बनाना है। इसलिए दिवाली से पहले ही तय कर लें कि घर में क्या बनेगा, मेहमानों को क्या परोसना है और किन चीजों को बाहर से मंगाना है।
सब्जियां, दूध, दही और दूसरी जरूरी सामग्री की सूची बना लें। जो चीजें पहले से तैयार हो सकती हैं, उन्हें पहले बना लें और बाकी कामों को समय के हिसाब से बांट लें। इससे आखिरी समय की भागदौड़ कम होगी और त्योहार के दिन आप परिवार के साथ समय बिता सकेंगी।