झारखंड कैबिनेट का फैसला सोर्स- IANS
झारखंड

हेमंत कैबिनेट के 53 बड़े फैसले: 100 उत्कृष्ट स्कूल, 606 थानों में CCTV, मेडिकल कॉलेजों को करोड़ों की सौगात

Jharkhand Cabinet Decisions: हेमंत सोरेन कैबिनेट ने 53 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है। 100 उत्कृष्ट स्कूल, 606 थानों में CCTV, और छात्राओं के लिए 124 करोड़ रुपये की योजना प्रमुख फैसलों में शामिल हैं।

करुणा नंद शाहवाल

Hemant Soren Government: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिसिंग, कृषि, ग्रामीण विकास और पर्यटन समेत विभिन्न विभागों से जुड़े 53 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने 100 स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित करने, राज्य के 606 थानों में CCTV कैमरे लगाने, मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी सीटें बढ़ाने तथा छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन योजना पर बड़ी राशि खर्च करने जैसे कई अहम फैसले लिए हैं।

बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि, सरकारी सेवा में कार्यरत गैर-शैक्षणिक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति उम्र 67 वर्ष से घटाकर 65 वर्ष कर दी गई है। कोरोना काल में चिकित्सकों की जरूरत को देखते हुए सेवानिवृत्ति उम्र में दो वर्ष की बढ़ोतरी की गई थी।

606 थानों में लगेंगे CCTV कैमरे

पुलिस व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए राज्य के सभी 606 थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया गया है। इस परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इससे थानों में होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध रहेगी और जरूरत पड़ने पर जांच में सीसीटीवी फुटेज का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी MBBS सीटें

जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक 393 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।

धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में यूजी सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने तथा पीजी सीटों में वृद्धि और आधारभूत संरचना के विकास के लिए 275 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

छात्राओं के लिए 124 करोड़ की योजना

सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की संविदा आधारित नियुक्ति के लिए चिकित्सक नियुक्ति नियमावली-2026 को भी कैबिनेट में मंजूरी दी गई है।

सरकारी विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन वितरण योजना के तहत 124 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

100 स्कूल बनेंगे उत्कृष्ट विद्यालय

शिक्षा के क्षेत्र में 100 स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए 721 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

प्राथमिक विद्यालयों के समग्र विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 से 2028-29 तक ज्ञानोदय योजना के तहत 73 करोड़ रुपये और कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए स्टूडेंट्स डायरी उपलब्ध कराने के लिए 27 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

किसानों की आईडी कार्ड बनाने की मिली मंजूरी

युवाओं और विद्यार्थियों में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए झारखंड छात्र अनुसंधान नवाचार नीति-2026 के गठन को भी मंजूरी दी गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए वीवीग्राम जी योजना को भी कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है। कैबिनेट ने कृषि क्षेत्र में किसानों की विशिष्ट आईडी बनाने के कार्य को मंजूरी दी है।

कैबिनेट ने 53 प्रस्तावों को दी मंजूरी

कृषि विभाग में संविदा पर कार्यरत 12 कनीय अभियंताओं की सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलों के नियमित रखरखाव के लिए झारखंड पुल अनुश्रवण नीति को मंजूरी दी गई है। सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी कई प्रस्तावों को स्वीकृति मिली।

पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में 38.65 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के लिए 29 करोड़ 87 लाख रुपये, मनोहरपुर में 19.49 किलोमीटर सड़क के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 114 करोड़ एक लाख रुपये तथा रामगढ़ के गोला-मुरी क्षेत्र में 4.8 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 56 करोड़ 85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

गिरिडीह में कॉलेज मोड़ से पावर हाउस तक 2.75 किलोमीटर सड़क के मजबूतीकरण के लिए 30 करोड़ 45 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

सड़क, पर्यटन और जल योजनाओं को मंजूरी

जमशेदपुर में बिरसानगर जलापूर्ति योजना के लिए 67 करोड़ 36 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। जल क्षेत्र के बेहतर प्रबंधन और एक्शन प्लान के लिए रुड़की स्थित प्रतिष्ठित संस्थान के साथ एमओयू करने को भी मंजूरी मिली है।

पर्यटन और पर्यावरण के क्षेत्र में धनबाद की तोपचांची झील के आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 184 करोड़ 29 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वित्त विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट में संविदा और बाह्य स्रोत से 76 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है।

सेमी ओपेन बैरक के निर्माण को मिली मंजूरी

वहीं कैबिनेट ने झारखंड म्यूनिसिपल रेगुलेशन-2026, झारखंड अधिवक्ता कल्याण निधि विधेयक-2026 और झारखंड न्यायालय शुल्क विधेयक-2026 के प्रारूप को मंजूरी दी है। केंद्रीय कारा होटवार, दुमका, घाघीडीह और हजारीबाग में ओपेन और सेमी ओपेन बैरक के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है।

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्ट्र में समंदर के नीचे से पहाड़ों तक, एक साथ चल रहा काम

FREMAA Recruitment 2026: IT असिस्टेंट समेत 12 पदों पर भर्ती, 40,000 तक सैलरी; 6 सितंबर तक करें आवेदन

आंध्र प्रदेश में खौफनाक वारदात, श्रीशैलम के लॉज में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 3 दिन से बंद था कमरा

क्या राजनीति छोड़ रहे हैं नितिन गडकरी? संन्यास की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री ने तोड़ी चुप्पी, जानिए पूरा सच

SECI Recruitment 2026: इंजीनियर समेत 28 पदों पर निकली भर्ती, 2.80 लाख तक सैलरी; 23 सितंबर तक करें आवेदन