Highlights:
किश्तवाड़ आतंकी हमले में शहीद दो SPO के परिवारों को 73-73 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है।
पैकेज में 17.50 लाख रुपये अनुग्रह राशि, 35 लाख रुपये समूह दुर्घटना बीमा और 15 लाख रुपये अतिरिक्त मृत्यु कवर शामिल है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों परिवारों के लिए 11-11 लाख रुपये की विशेष आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
Kishtwar Terror Attack SPO Families: जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के बाद सुरक्षा बल अलर्ट पर है। किश्तवाड़ में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रख रहा है। किश्तवाड़ आतंकी हमले में शहीद हुए दो भारतीय एसपीओ के परिजनों को आर्थिक लाभ पहुंचाई जा रही है।
किश्तवाड़ में आतंकवादी हमले में शहीद हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) के परिवारों को कुल 73-73 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस राशि में अनुग्रह राशि और दुर्घटना बीमा भी शामिल हैं।
इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों परिवारों में से प्रत्येक को 11-11 लाख रुपये की विशेष आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस विशेष सहायता के तहत हर परिवार को 5.5 लाख रुपये मिलेंगे। साथ ही, दोनों परिवारों को अन्य वित्तीय लाभ देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस पैकेज में 17.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि, 35 लाख रुपये का समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर भी है, जो J&K बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। हर परिवार के लिए 15 लाख रुपये का अतिरिक्त मृत्यु कवर शामिल है। किश्तवाड़ की दच्छन तहसील में तैनात SPO रचपाल कुमार और SPO भाबी चंद 11 नवंबर को हुए एक आतंकवादी हमले में शहीद हो गए थे।
आतंकी हमले के बाद, दोनों जवानों के शव बरामद कर लिए गए थे। पुलिस के एक आदेश के अनुसार, अंतिम संस्कार के खर्च के लिए प्रत्येक अधिकारी के परिवार को तुरंत 50,000 रुपये की सहायता दी गई।
अब इस उद्देश्य के लिए SPO के 'कंट्रीब्यूटरी वेलफेयर फंड' से कुल 1 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा, किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को निर्देश दिया गया है कि वे जरूरी दस्तावेज और पूरा भरा हुआ प्रोफार्मा जमा करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि परिवारों को नियमों के अनुसार अन्य सभी वित्तीय लाभ मिल सकें।
शहीद हुए SPO रचपाल कुमार (45) और भाबी चंद (57) दच्छन क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में स्थित क्यार गांव में तैनात थे। बताया जा रहा है कि 26 वर्षों में इस इलाके में SPO की हत्या की यह पहली घटना है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, ये दोनों SPO गांव से मरवाह के धरणा में स्थित राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी ऑपरेशन बेस (TOB) की ओर जा रहे थे।
सूत्रों का कहना है कि जंगलों से गुजरते समय इन दोनों SPO से संपर्क टूट गया। मोबाइल नेटवर्क कवरेज न होने के कारण इस इलाके को "शैडो जोन" माना जाता है। जब दोपहर तक दोनों SPO ऑपरेशन बेस नहीं पहुंचे, तो एक अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद, पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान, दोनों SPO के शव बरामद किए गए थे। दो दिन के अंदर-अंदर सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन के बाद बड़ी कामयाबी हाथ लगी। भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों पर हमले का मास्टरमाइड लश्कर का आतंकी लतीफ भट को ढेर कर दिया गया।