श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में बड़ा हादसा हो गया है। बडगाम जिले के ब्रेल वाटरहेल इलाके में चुनाव ड्यूटी में लगी एक बस के पहाड़ी सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। इस हादसे में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तीन जवानों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए। बस में सवार 35 बीएसएफ जवानों में से छह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में 35 बीएसएफ जवानों के अलावा एक नागरिक चालक भी घायल हो गया। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। बडगाम जिले के ब्रेल वाटरहेल इलाके में चुनाव ड्यूटी के लिए फोर्स का मूवमेंट हो रहा था। इसी दौरान जवानों से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे बाद जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव ड्यूटी पर जा रहे बीएसएफ जवानों को ले जा रही एक बस मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के वाटरहाल इलाके में एक खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में करीब एक दर्जन जवान घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज किया जा रहा है।