सांकेतिक तस्वीर Source- IANS
देश

Kal Ka Mausam: 21 नवंबर को चक्रवात अकवान बरपाएगा कहर, बंगाल-झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Weather Alert 21 November 2026: 21 नवंबर को चक्रवात अक्वान के असर से बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की संभावना है। दिल्ली-NCR, हरियाणा और यूपी में सुबह कोहरा छा सकता है।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • चक्रवात अक्वान कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है, लेकिन पूर्वी भारत में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

  • पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

  • दिल्ली-NCR, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह कोहरा और धुंध छा सकती है।

IMD Weather Forecast 21 November: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'अक्वान' तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन इसका असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर गोपालपुर के पास दस्तक देने के बाद यह सिस्टम उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात धीरे-धीरे गहरे अवदाब और फिर अवदाब में तब्दील होगा। इसके बाद 21 नवंबर 2026 की सुबह तक यह एक सुस्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र में कमजोर पड़ सकता है।

हालांकि तूफान की तीव्रता घटने के बावजूद, पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है।

पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। दूसरी तरफ उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा और धुंध लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं कि 21 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है।

कमजोर पड़ रहा चक्रवाती तूफान अक्वान

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान अक्वान तट से टकराने के बाद कमजोर होकर उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 नवंबर की सुबह तक सुस्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।

हालांकि, इसके प्रभाव से पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। ऐसे में पूर्वी भारत के लिए अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती सिस्टम के आगे बढ़ने से 21 नवंबर को गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों, कोलकाता और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, ओडिशा में चक्रवात के कारण हुई मूसलाधार बारिश के बाद 21 नवंबर को बारिश कम रह सकती है।

असम-मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इसके अलावा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR में कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

चक्रवाती तूफान अक्वान का सीधा असर भले ही दिल्ली-NCR में न हो, लेकिन राजधानी में सर्दी और कोहरे का प्रभाव बढ़ने लगा है। 21 नवंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा और धुंध छाने की संभावना है। कुछ इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली के अलावा हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

पूर्वांचल में आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 21 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिल सकता है। पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने के बाद दिन में धूप निकल सकती है।

वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती सिस्टम के बाहरी बादलों का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?

चक्रवाती तूफान अक्वान के उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ने का असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट आने का अनुमान है, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है। राज्य में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

झारखंड में तूफान अकवान से बढ़ेगी परेशानी

झारखंड में चक्रवाती तूफान अक्वान का असर व्यापक रहने का अनुमान है। राज्य में 20 नवंबर को हुई बारिश के बाद 21 नवंबर को भी कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।

लगातार बारिश और आसमान में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके चलते लोगों को दिन के समय भी ठंड महसूस हो सकती है। ऐसे में झारखंड के लोगों को अगले 24 घंटों के दौरान खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश तक होगी बारिश

मध्य भारत में भी चक्रवाती सिस्टम के कारण मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में रहने वाले लोगों को मौसम में बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

Rajasthan Panchayat Election Result 2026 Live: पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे, BJP को झटका; कई दिग्गज भी हारे

Cyclone Akvan Live: चक्रवात ‘अकवन’ कमजोर पड़ा, अगले कुछ घंटों में और घटेगी तीव्रता

मुस्लिम छात्रा हिंदू युवक से करती थी प्यार, मेडिकल कॉलेज कैंपस से दिनदहाड़े हुई किडनैप; VIDEO हो रहा वायरल

देश में चल रही 32 फर्जी यूनिवर्सिटी, दिल्ली टॉप पर; कहीं आप भी तो नहीं लेने जा रहे एडमिशन? ऐसे जांचें मान्यता

PM मोदी से मिले CM धामी, उत्तराखंड के लिए रखीं कई बड़ी मांगें; एक्सप्रेस-वे और परियोजनाओं के लिए मांगी मंजूरी