भोपाल से जेपी नड्डा ने विपक्ष पर साधा निशाना
गोरखपुर से पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भरी हुंकार
वोट चोरी के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष की आर-पार की लड़ाई तेज
A Decisive Battle Over The Theft Of Votes: देश में वोट चोरी को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदयात्रा के जरिए हुंकार भरी, वहीं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत विपक्ष को घेरते हुए चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
गोरखपुर में नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई इस पदयात्रा का उद्देश्य विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जवाब देना और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना रहा। भाजपा नेताओं ने इस अभियान के जरिए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस को अपने इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ था। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने का प्रयास करती है।
उन्होंने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी पलटवार किया और कहा कि आयोग ने ईवीएम को लेकर चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस उसे स्वीकार करने के लिए आगे नहीं आई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का भरोसा कमजोर होता है।
भाजपा का यह अभियान ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में मतदाता सूची, चुनावी पारदर्शिता और कथित वोट चोरी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। पार्टी पदयात्राओं और जनसभाओं के जरिए विपक्ष को जवाब देने के साथ आगामी चुनावों के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने में जुटी है।