Highlights
BSF जवान पर हमले को लेकर त्रिपुरा पुलिस का एक्शन
पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है
जवान पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद गुस्सा हुआ था
Smuggler Arrested In BSF Attack Case: त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के बोक्सानगर में अशाबारी इलाके में BSF जवानों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। त्रिपुरा पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं। यह हमला तब हुआ जब BSF के जवान भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध तस्करी गतिविधियों के खिलाफ एक अभियान चला रहे थे।
2 नवंबर को भीड़ ने BSF जवानों पर हमला किया, उनके वाहन में तोड़फोड़ की और उनके हथियार छीनने की कोशिश की। इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा। जिससे इलाके में तनाव फैल गया। हमलावरों ने घायल जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की और एक सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। यह घटना सुबह करीब 9 बजे अशाबारी बॉर्डर आउटपोस्ट के तहत आने वाली कंटीले तारों वाली सीमा के पास, गेट नंबर 174 और 175 के निकट हुई।
कथित तस्कर इस इलाके से अवैध सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां तैनात 49वीं बटालियन के जवानों ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने के दौरान तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। हालांकि, BSF के जवानों ने घटनास्थल से लगभग 400 मीटर दूर एक संदिग्ध तस्कर को पकड़ लिया, जिसकी पहचान हेफजुर रहमान के रूप में हुई है।
इसी बीच, रहीमपुर कांतामुरा BOP के BSF के तीन जवान एक गाड़ी से बोक्सानगर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नाकेबंदी वाली जगह पर पहुंचे, संदिग्ध तस्करों के एक समूह ने उन पर अचानक और हिंसक हमला कर दिया।
चश्मदीदों और वीडियो फुटेज के अनुसार, हमलावरों ने जवानों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। जवानों को कथित तौर पर जमीन पर पटक दिया गया और हमलावरों ने उनके सर्विस हथियार छीनने की भी कोशिश की। जिस सरकारी गाड़ी से जवान आए थे, उसमें भी भारी तोड़फोड़ की गई। हमलावरों में बांग्लादेश के कई नागरिक शामिल थे, जो अशाबारी इलाके में रहकर सीमा पार तस्करी की गतिविधियों में लिप्त थे।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं अब इस पर कार्रवाई करते हुए अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।