विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम (Visakhapatnam) में कुछ अज्ञात लोगों ने रेलवे यार्ड (railway yard) में खड़ी नयी वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव किया, जिससे उसकी खिड़की का शीशा टूट गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच चलाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा इसे 15 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (video conferencing) के माध्यम से हरी झंडी दिखाई जानी है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कंचारपालेम में कोच परिसर के पास खेल रहे कुछ बच्चों ने बुधवार रात कथित तौर पर शरारत में ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव किया, जिससे उसकी खिड़की का शीशा टूट गया। घटना की जांच में विशाखापत्तनम पुलिस भी अब आरपीएफ के साथ शामिल हो गई है। पुलिस के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस का एक रेक रखरखाव संबंधी जांच के लिए बुधवार को चेन्नई से विशाखापत्तनम पहुंचा था।
https://twitter.com/ANI/status/1613186881327632387
अधिकारियों ने बताया कि विशाखापत्तनम में रेक को कंचारपालेम स्थित नए कोच परिसर में ले जाया गया था, जहां यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार, पथराव में ट्रेन की एक खिड़की का शीशा पूरी तरह से टूट गया, जबकि दूसरे में मामूली दरार आई। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे पथराव करने वाले लोगों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में भी वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आ आई थी, जिसको लेकर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस में पथराव को लेकर जमकर राजनीति हुई थी। गुजरात से चलने वाली ट्रेन वंदे भारत कई बार ट्रैक पर मवेशियों के साथ टकराने की घटना सामने आई थी उस समय भी इसको लेकर राजनीति हुई थी। ट्रेन की बनावट और उसके गति को लेकर सवाल खड़े किए गए थे। एक बार फिर वंदे भारत ट्रेन पथराव को लेकर चर्चा में है। (एजेंसी इनपुट के साथ)