शेख हसीना Source- IANS
देश

हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए भारत ने रखीं 2 शर्तें, रिपोर्ट में सहमति बनने का दावा

Sheikh Hasina Extradition: शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर भारत ने कथित तौर पर दो शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी सुरक्षा और निष्पक्ष सुनवाई की गारंटी चाहता है भारत।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेशी सेना शेख हसीना को वापस ले जाने की जिम्मेदारी संभाले।

  • भारत ने कथित तौर पर हसीना को मौत की सजा के खिलाफ अपील और नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की शर्त रखी है।

  • भारत सरकार ने इन शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

India Two Conditions for Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण और उनकी देश वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बना हुआ है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने हसीना की वापसी को लेकर दो शर्तें रखी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत उन्हें बांग्लादेश भेजने के लिए तैयार है, लेकिन चाहता है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें निष्पक्ष सुनवाई का पूरा मौका मिले।

हसीना को लेकर क्या है भारत की शर्त?

BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश शेख हसीना को वापस ले जाने के लिए अपना सैन्य विमान भेजे। इसके साथ ही भारत ने यह गारंटी भी मांगी है कि हसीना को 2024 की हिंसा से जुड़े मामलों में सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ अपील करने और नए सिरे से मुकदमे का सामना करने का अवसर दिया जाए। हालांकि, भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर इन कथित शर्तों की पुष्टि नहीं की है।

बांग्लादेश से क्या चाहता है भारत?

रिपोर्ट के अनुसार, भारत पिछले कुछ महीनों से शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश के साथ बातचीत कर रहा है। भारत का मानना है कि इन शर्तों से हसीना की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलने की संभावना भी बनी रहेगी।

रिपोर्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि भारत चाहता है कि हसीना के मामले की सुनवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मीडिया की नजर रहे। गौरतलब है कि हिंसा से जुड़े मामले में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मौत की सजा सुनाई है।

भारत-बांग्लादेश के बीच कुछ हद तक बनी सहमति

BBC बांग्ला की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत शेख हसीना समेत उन विदेशी मेहमानों के साथ नियमित रूप से जानकारी साझा करता है, जिन्होंने भारत में शरण ली है। इन मुलाकातों के दौरान उन्हें उनकी वापसी को लेकर भारत के रुख की जानकारी भी दी जाती है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कुछ हद तक सहमति बनने के बाद ही हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही थी।

वापसी की प्रक्रिया में सेना की अहम भूमिका

रिपोर्ट में कहा गया है कि शेख हसीना की वापसी हवाई या जमीनी रास्ते से हो सकती है। बांग्लादेश उन्हें लेने के लिए सैन्य विमान भेज सकता है। दूसरा विकल्प यह है कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर किसी तय स्थान पर उन्हें बांग्लादेशी सेना को सौंप दिया जाए।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत इस प्रक्रिया के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने को तैयार है। इस मामले में दोनों देशों के सैन्य और राजनयिक अधिकारियों के बीच संपर्क को भी अहम माना जा रहा है।

अगस्त 2024 से भारत में हैं शेख हसीना

शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी।

इसके बाद बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की। इस बीच हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए भी आवेदन किया है।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर

हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा