75th death anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि सोमवार, 15 दिसंबर को मनाई गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने 'अखंड भारत' के निर्माता को नमन किया।
राष्ट्रीय एकता के प्रतीक कहे जाने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा नेताओं ने उन्हें याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्हें नमन करते हुए लिखा कि लौह पुरुष ने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि अखंड और सशक्त भारतवर्ष के निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान है, जिसे कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी 'एक्स' पर सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक और मजबूत भारत का शिल्पकार बताया। शाह ने लिखा कि सरदार साहब ने आजादी के बाद खंड-खंड में बंटे भारत को तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एकीकृत करके एक सुदृढ़ राष्ट्र का रूप दिया। गृह मंत्री ने यह भी बताया कि देश के पहले गृह मंत्री के रूप में उन्होंने मां भारती की सुरक्षा, आंतरिक स्थिरता एवं शांति की स्थापना को ही अपना जीवन लक्ष्य बनाया। शाह के अनुसार, सहकारी आंदोलन को पुनर्जीवित कर महिलाओं और किसानों के स्वावलंबन से आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले सरदार साहब, 'राष्ट्रप्रथम' के पथ पर हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी और उन्हें भारत की राष्ट्रीय एकता का सूत्रधार और एकीकृत भारत का शिल्पकार बताया। बिरला ने उल्लेख किया कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में, उन्होंने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, असाधारण नेतृत्व और अटल संकल्प के बल पर राष्ट्र की अखंडता को सुनिश्चित किया। उन्होंने आगे कहा कि उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन के कारण ही 550 से अधिक रियासतों का भारत संघ में ऐतिहासिक विलय संभव हो पाया, जिसने एक सशक्त एवं संगठित भारत की नींव रखी। बिरला ने कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का अमर आदर्श है।
यह भी पढ़ें: ‘नवीन की आत्मा जुड़ा गई होगी’ और…, नितिन नबीन बने कार्यकारी अध्यक्ष तो इस RJD नेता ने ऐसा क्यों कहा?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 'भारत रत्न' सरदार वल्लभ भाई पटेल को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लौह पुरुष को उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत की एकता और अखंडता का 'शिल्पी' बताया। सीएम योगी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा, स्वदेशी और किसानों के स्वावलंबन के साथ 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सुरक्षित भारत' के निर्माण हेतु उनका अहर्निश योगदान हम सभी के लिए प्रेरणाप्रद है।