गुरपतवंत सिंह पन्नू व योगी आदित्यनाथ (सोर्स-सोशल मीडिया) 
देश

'महाकुंभ में चुकता करेंगे पीलीभीत का बदला', खालिस्तानी आतंकियों के एनकाउंटर पर पन्नू का योगी को चैलेंज

यूपी के पीलीभीत में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) के तीन आतंकियों के एनकाउंटर से भड़के सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने महाकुंभ में इसका बदला लेने की धमकी दी है।

अभिषेक सिंह

नई दिल्ली: यूपी के पीलीभीत में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) के तीन आतंकियों के एनकाउंटर से भड़के सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने महाकुंभ में इसका बदला लेने की धमकी दी है। एसएफजे के जनरल काउंसिल गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर इसके लिए प्रधानमंत्री और यूपी व पंजाब के मुख्यमंत्रियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें सबक सिखाने की धमकी दी है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मंगलवार को तीनों आतंकियों के शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया।

मामले की तह तक जाने के लिए एनआईए और एटीएस ने पीलीभीत में डेरा डाल दिया है। सोमवार सुबह पीलीभीत पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में पंजाब के गुरदासपुर जिले के तीन खालिस्तानी आतंकियों गुरविंदर, वीरेंद्र सिंह उर्फ ​​रवि और जसप्रीत उर्फ ​​प्रताप सिंह को मार गिराया। मुठभेड़ के 24 घंटे बाद मंगलवार को खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धमकी भरा वीडियो शेयर किया। इसमें मुठभेड़ में मारे गए तीनों खालिस्तानी आतंकियों को बेकसूर बताया गया है और प्रयागराज महाकुंभ में बदला लेने की धमकी दी गई है।

आतंकियों के परिजनों को देंगे मुआवजा

पन्नू ने तीनों आतंकियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने की बात भी कही है। आतंकी पन्नू ने 14, 29 जनवरी और तीन फरवरी को महाकुंभ में बदला लेने की बात कहते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर सबक सिखाने की धमकी भी दी है। पीलीभीत पुलिस की सोशल मीडिया सेल की ओर से साइबर थाने में आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कैमरे की निगरानी में पोस्टमार्टम

मंगलवार को पुलिस की निगरानी में तीनों आतंकियों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया, जो शाम तक चलता रहा। मंगलवार दोपहर तीनों आतंकियों के परिजन भी पीलीभीत पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि उन्हें इन तीनों के किसी अपराध में शामिल होने की जानकारी नहीं है। एनआईए और एटीएस ने पीलीभीत में डाला डेरा तीनों आतंकियों के एनकाउंटर के बाद एनआईए और एटीएस की टीम ने सोमवार शाम से पीलीभीत में डेरा डाल दिया है। टीमें इन आतंकियों की मदद करने वाले स्लीपिंग मॉड्यूल के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।

अभी तक की जांच में पता चला है कि तीनों आतंकी निजी बस से पंजाब से पूरनपुर पहुंचे थे। लखीमपुर में इनके एक रिश्तेदार के होने की बात भी सामने आई है। इन सभी बिंदुओं पर भी टीमें जांच कर रही हैं। पीलीभीत के एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि पन्नू का वीडियो वायरल होने के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उक्त अकाउंट कहां से संचालित हो रहा है। साथ ही इस पोस्ट को वायरल करने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। अन्य सभी बिंदुओं पर भी जांच चल रही है।

तथाकथित पाकिस्तान-चीन सीमा संयुक्त आयोग की पहली बैठक, भारत ने किया खारिज; कहा- कोई कानूनी आधार नहीं

तेलंगाना में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा, तालाब में डूबने से 6 छात्रों की मौत, CM रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

PM Modi Birthday Special: वडनगर से वाराणसी तक, एक क्लिक में 25 साल की पूरी कहानी

PM Modi Birthday: इन योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी, जानिए आम आदमी को क्या मिला

AQIS Terror Module: आजमगढ़ के नबील के बाद अब कोयंबटूर से भी आतंकी गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाई UP ATS