लाल किले के पास विस्फोट  (Image- Social Media)
देश

Red Fort Blast: मदर ऑफ शैतान से हुआ धमाका, कार को ही बना दिया था बम...NIA चार्जशीट में क्या-क्या सामने आया?

NIA on Red Fort Blast: लाल किला ब्लास्ट मामले में NIA ने 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। एजेंसी के मुताबिक डॉ. उमर उन नबी कार में मौजूद था और उसे कथित मास्टरमाइंड बताया गया है।

अर्पित शुक्ला

Red Fort Blast NIA Chargesheet: दिल्ली के लाल किला इलाके में 10 नवंबर 2025 को हुए धमाके की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी ने डॉ. उमर उन नबी को इस हमले का कथित मास्टरमाइंड और सुसाइड बॉम्बर बताया है।

चार्जशीट के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सबूतों से एजेंसी इस निष्कर्ष पर पहुंची कि धमाके के वक्त उमर उसी Hyundai i20 कार में मौजूद था, जिसमें विस्फोट हुआ था। इस धमाके में 11 लोगों की मौत और 29 लोगों के घायल होने की बात चार्जशीट में दर्ज है।

कार को किया गया था ब्लास्ट

NIA के मुताबिक, जांच में सामने आया कि धमाके के लिए कार का इस्तेमाल किया गया था। घटनास्थल से मिले जैविक नमूनों और अन्य फॉरेंसिक सबूतों की जांच के आधार पर एजेंसी ने उमर की मौजूदगी का दावा किया है।

जांच के दौरान बरामद एक कमांड मैकेनिज्म को भी अहम सबूत माना गया है। NIA के अनुसार, इस उपकरण और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों ने विस्फोट की योजना और उसे अंजाम देने के तरीके को समझने में मदद की।

लाल किला धमाका

फॉरेंसिक जांच में मिले अहम सुराग

चार्जशीट के अनुसार, घटनास्थल से मिले जैविक नमूनों की जांच की गई। NIA का दावा है कि इन नमूनों की DNA जांच से उमर उन नबी की पहचान हुई। जांच एजेंसी ने इसे इस दावे के समर्थन में महत्वपूर्ण कड़ी माना है कि धमाके के समय उमर कार के अंदर था।

NIA के मुताबिक, ब्लास्ट के बाद कुल 73 एग्जिबिट जब्त किए गए। इनमें से 64 नमूनों की जांच CFSL चंडीगढ़ और बाकी नमूनों की जांच NFSU गांधीनगर में कराई गई।

87 तस्वीरों से सामने आया कथित कनेक्शन

चार्जशीट में आरोपी शाहीन सईद के पेन ड्राइव से 87 तस्वीरें मिलने का भी जिक्र है। एजेंसी के मुताबिक, इन तस्वीरों में कुछ आरोपी हथियारों के साथ नजर आए।

NIA ने आरोपियों के संबंध अंसार गजवात-उल-हिंद (AGuH) और AQIS से होने का दावा किया है। जांच के दौरान फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के बाहर एक किराए के ठिकाने से संदिग्ध सामग्री और उपकरण बरामद किए जाने की बात भी चार्जशीट में कही गई है।

लाल किला आतंकी हमले का आरोपी

जसीर बिलाल वानी और ड्रोन का भी जिक्र

चार्जशीट में आरोपी जसीर बिलाल वानी को लेकर भी जानकारी दी गई है। NIA के मुताबिक, उसने ऑनलाइन माध्यमों से रॉकेट से जुड़ी जानकारी तलाशने की कोशिश की थी और कथित तौर पर एक रॉकेट तैयार भी किया था। चार्जशीट में यह भी दावा है कि उमर ने जसीर बिलाल वानी को दो ड्रोन दिए थे।

'मदर ऑफ शैतान' के नाम से चर्चित विस्फोटक का दावा

NIA ने विशेषज्ञों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि मामले में TATP नामक अत्यधिक संवेदनशील विस्फोटक की मौजूदगी के संकेत मिले। इसे आमतौर पर 'Mother of Satan' के नाम से भी जाना जाता है।

जांच में अमोनियम नाइट्रेट और अन्य रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी की भी बात सामने आई है। NIA ने चार्जशीट में बरामद सामग्री को धमाके की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है।

नौगाम पुलिस स्टेशन में भीषण विस्फोट

नौगाम पुलिस स्टेशन ब्लास्ट का भी जिक्र

चार्जशीट में 14 नवंबर 2025 को नौगाम पुलिस स्टेशन परिसर में हुए धमाके का भी उल्लेख है। जांच एजेंसी के अनुसार, विस्फोटक तैयार करने से संबंधित सामग्री और उपकरण एक किराए के ठिकाने से बरामद किए गए थे और उन्हें जांच के लिए पुलिस स्टेशन लाया गया था।

चार्जशीट में दावा किया गया है कि इसी दौरान थाने के परिसर में विस्फोट हुआ। इसमें 9 पुलिसकर्मियों की मौत और 29 लोगों के घायल होने की बात दर्ज है।

NIA की चार्जशीट में लाल किला ब्लास्ट और आरोपियों से जुड़े अन्य घटनाक्रम को जोड़ते हुए कई फॉरेंसिक, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान इन आरोपों और साक्ष्यों की जांच होगी।

Kal Ka Mausam: दिल्ली-UP से बिहार तक कैसा रहेगा मौसम? 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट

BRICS Summit: दिल्ली के भारत मंडपम में सजेगा ब्रिक्स सम्मेलन का मंच, विदेश मंत्रालय ने जारी किया शेड्यूल

राहुल गांधी कोई VVIP नहीं दलील पर CJI बोले- हमारे सामने सब बराबर, मानहानि मामले में जल्द सुनवाई से किया इनकार

आकृति चौधरी NSA केस में नया मोड़! इलाहाबाद HC के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची योगी सरकार

Ganesh Chaturthi 2026: आंध्र प्रदेश में सभी गणेश पंडालों को मिलेगी मुफ्त बिजली, नारा लोकेश का बड़ा ऐलान