कांग्रेस 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के बाद प्रदर्शन के लिए NOC जारी किया।
MCD के मुताबिक, रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा।
Ramlila Maidan Protest: जंतर-मंतर को अधिकृत प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद अब रामलीला मैदान दिल्ली में आंदोलनों का नया केंद्र बन सकता है। केंद्र सरकार ने रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी (CBD) मैदान को प्रदर्शन स्थलों के रूप में अधिकृत किया है। इसी बीच कांग्रेस को रामलीला मैदान में प्रदर्शन की अनुमति देने की प्रक्रिया में अहम मंजूरी मिल गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 1 नवंबर को यहां बड़ा प्रदर्शन करेगी।
दिल्ली सेंट्रल के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि कांग्रेस ने रामलीला मैदान में प्रदर्शन के लिए जगह की उपलब्धता जानने को लेकर नगर निगम दिल्ली (MCD) से संपर्क किया था। एमसीडी ने पार्टी को जानकारी दी कि मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा। इसके बाद कांग्रेस ने पुलिस से संपर्क किया।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, कांग्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा के बाद पुलिस ने अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है। अब कांग्रेस इसे लेकर एमसीडी के पास जाएगी, क्योंकि मैदान का स्वामित्व उसी एजेंसी के पास है। इसके बाद पार्टी अपनी तैयारियां आगे बढ़ा सकेगी।
डीसीपी ने बताया कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बुक रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई अन्य संगठन या आयोजक भी इस दौरान मैदान में कार्यक्रम करना चाहता है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है।
वहीं, कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, प्रदर्शन के मुद्दे, उसमें शामिल होने वाले नेताओं और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
कुछ दिनों पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत एक कमेटी की सिफारिशों के आधार पर, दिल्ली में विरोध और धरनों के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गए हैं। साथ ही सेंट्रल दिल्ली के जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटा दिया गया था। धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थानों की सूची जारी की गई थी। जिसमें रामलीला मैदान भी शामिल है।