राहुल गांधी और धर्मेंद्र प्रधान, कांसेप्ट फोटो 
देश

80 बार लीक हुए पेपर, 2 करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद; राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा

Rahul Gandhi On NEET Paper Leak: राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने 80 बार पेपर लीक होने का दावा करते हुए शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग की है।

अमन उपाध्याय

Rahul Gandhi On NEET Paper Leak Dharmendra Pradhan Resignation Demand: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राहुल गांधी ने कड़े शब्दों में कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट में है और बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वे अपनी चुप्पी तोड़ें और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से तत्काल बर्खास्त करें।

22 लाख उम्मीदवारों का सपना टूटा

राहुल गांधी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस एक परीक्षा के कारण लगभग 22 लाख उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत और सालों के प्रयास बेकार चले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र और अभिभावक भारी आक्रोश में हैं, लेकिन सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय पल्ला झाड़ रही है। राहुल गांधी के अनुसार, शिक्षा मंत्री खुद को इस मामले से अलग बता रहे हैं और कह रहे हैं कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है, जो कि पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना है।

80 बार पेपर लीक

कांग्रेस नेता ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि देश में अब तक विभिन्न परीक्षाओं के पेपर 80 बार लीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की वजह से देश के करीब 2 करोड़ युवाओं का भविष्य सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह महज एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के भीतर जड़ जमा चुके एक गहरे भ्रष्टाचार और आपराधिक नेटवर्क का परिणाम है।

शिक्षा संस्थानों में 'आरएसएस-भाजपा' का दखल

केंद्र सरकार पर हमला जारी रखते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि RSS और भाजपा से जुड़े लोगों को देश के बड़े विश्वविद्यालयों में महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज की तारीख में VC जैसे पदों पर नियुक्ति के लिए योग्यता के बजाय आरएसएस से जुड़ाव को पैमाना बनाया जा रहा है। जिससे इन संस्थानों की विश्वसनीयता खत्म हो रही है। उनके अनुसार, शिक्षा व्यवस्था को सेवा के बजाय केवल पैसे कमाने का जरिया बना दिया गया है।

दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि वे करोड़ों युवाओं के टूटते भरोसे को बचाएं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे घोटाले में शामिल सभी नेटवर्क और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि छात्रों को न्याय मिल सके। उन्होंने अंत में कहा कि युवा दिन-रात मेहनत करके परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाला पेपर लीक उनके मनोबल को तोड़ रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

BSP के ब्राह्मण चेहरे हुए बेगाने, 2027 में मायावती कैसे साधेंगी दलित-ब्राह्मण समीकरण?

हसीना को सौंपो, तभी आएंगे भारत! तारिक रहमान के भारत दौरे पर बांग्लादेश ने रखी शर्त, अगले महीने BRICS की बैठक

Africa Delivery Apps: अफ्रीका के होम डिलीवरी ऐप्स IND के स्टार्टअप्स से सीख सकते हैं डिलीवरी का तरीका: रिपोर्ट

Vande Mataram Row: सोनिया गांधी की बढ़ीं मुश्किलें! BJP नेता ने दर्ज कराई शिकायत, हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

तिरंगे का सफर: एक झंडा, 120 साल की कहानी, 1906 से 1947 तक ऐसे बदला भारत का राष्ट्रीय ध्वज...