PM Modi Wishes Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता को जन्मदिन की शुभकामना दी। पीएम मोदी ने राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।
प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है जब संसद और राजनीतिक मंचों पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहसें देखने को मिलती हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर शुभकामनाओं का यह संदेश लोकतांत्रिक परंपराओं को भी दर्शाता है।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन में सामाजिक न्याय, सद्भाव, करुणा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार समाज के वंचित और हाशिए पर मौजूद वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंगा घाटों पर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और एक विशेष 'लड्डू केक' काटा। कार्यक्रम में प्रदर्शित एक कलाकृति में राहुल गांधी को परशुराम के रूप में दर्शाया गया था, जिसमें उनके एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में भारतीय संविधान दिखाया गया। आयोजकों ने इसे लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।
हालांकि, इस आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कुछ समूहों ने इसकी आलोचना की, जबकि कांग्रेस की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ये भी पढ़ें- मोहब्बत की दुकान से वंचितों की लड़ाई तक..राहुल गांधी के बर्थडे पर कांग्रेस ने दी बधाई, दिल्ली में लगे पोस्टर्स
बता दें कि, राहुल गांधी ने वर्ष 2004 में सक्रिय संसदीय राजनीति में प्रवेश किया और उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से पहली बार सांसद चुने गए। उसी चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सरकार सत्ता में आई थी। 2009 में कांग्रेस ने दोबारा केंद्र में सरकार बनाई, लेकिन 2014 और 2019 के चुनावों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 99 सीटें जीतीं और राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता बने।