देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 16 नवंबर से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ASEAN (आसियान) और ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरे को भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा 16 से 17 नवंबर तक निर्धारित है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर पीएम मोदी मनीला पहुंचेंगे। 17 नवंबर को वह 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होंगे। इन बैठकों में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
पीएम मोदी के फिलीपींस दौरे के दौरान Quad देशों के नेताओं की बैठक को लेकर भी चर्चा है। इस संभावित बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस शामिल हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और ASEAN सदस्य देशों के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग को लेकर अहम बातचीत होने की संभावना है। इसमें व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ समुद्री सुरक्षा, रक्षा साझेदारी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी जैसे विषय प्रमुख रह सकते हैं। भारत की विदेश नीति में ASEAN की महत्वपूर्ण जगह है। ऐसे में यह दौरा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की सक्रिय भूमिका और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत होते संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान पीएम मोदी विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी कर सकते हैं। इन बैठकों में आपसी हितों से जुड़े मुद्दों और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा संभव है। खास बात यह है कि वर्ष 2027 में भारत और ASEAN के बीच संवाद साझेदारी के 35 वर्ष पूरे होंगे। इसी साल दोनों के बीच स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी भी पांच साल का सफर पूरा करेगी।
खबर अपडेट की जा रही है।