काहिरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंच गए हैं। मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने हवाई अड्डे पर PM मोदी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रधानमंत्री मोदी मिस्र के दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर है। इस दौरान मिस्र के प्रधानमंत्री के साथ गोलमेज बैठक करेंगे और राष्ट्रपति अल-सिसी से भी मुलाकात करेंगे।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी की भारत यात्रा की तस्वीरें काहिरा के होटल में प्रदर्शित की गईं। पीएम मोदी के यहां पहुंचने पर उनका स्वागत करने के लिए भारतीय समुदाय के कई सदस्य भी होटल में मौजूद हैं। वहीं, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी की भूमिका पर मिस्र के कवि अहमद शॉकी की कविता "गांधी" काहिरा के होटल में प्रदर्शित की गई।
https://twitter.com/ANI/status/1672584287659659264
मोदी अपने समकक्ष मैडबौली के नेतृत्व में मिस्र मंत्रिमंडल के साथ भारत पर केंद्रित एक गोलमेज चर्चा में शामिल होंगे। मोदी मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती डॉ शॉकी इब्राहिम अब्देल-करीम आलम से मुलाकात करेंगे और बाद में मिस्र के प्रमुख बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा करेंगे।
मोदी रविवार को दाऊदी बोहरा समुदाय की मदद से बहाल की गई 11वीं सदी की अल-हकीम मस्जिद भी जाएंगे। मस्जिद का निर्माण फातिमिद वंश के शासन के दौरान किया गया था। भारत में बोहरा समुदाय वास्तव में फातिमिद वंश से उत्पन्न हुआ था और उन्होंने 1970 के दशक से मस्जिद का नवीकरण कराया।
काहिरा में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री ‘हेलियोपोलिस कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव सीमेट्री' का दौरा करेंगे, जो एक पवित्र स्थल है और प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मिस्र तथा फलस्तीन में सेवा करने वाले एवं शहीद हुए भारतीय सेना के लगभग 3,799 सैनिकों की याद में बनाया गया स्मारक है।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति अल-सिसी भारत यात्रा पर आए थे। उनके दौरे के छह महीने के भीतर प्रधानमंत्री की मिस्र की यात्रा हो रही है। अल-सिसी का सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा करने का कार्यक्रम है जहां मिस्र को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।