INDIA Bloc CEC Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ विपक्ष लगातार हमलावर है। विपक्ष का प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा। इंडिया गठबंधन के सांसद राजघाट की तरफ मार्च करेंगे। उसके बाद कांस्टीट्यूशन क्लब में करीब शाम 5:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का कार्यक्रम रखा गया है। दिल्ली में इंडिया गठबंधन के जो भी सांसद उपलब्ध रहेंगे मार्च में शामिल होंगे।
एसआईआर के मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर बीजेपी ने तीखा हमला किया है। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी क्या यह कहना चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत तथ्य इतने कमजोर हैं कि उन्हें माहौल बनाना पड़ रहा है। देश के 40 से अधिक पूर्व जजों ने इस पर पत्र लिखा है। उन्होंने आगे कहा कि अगर राजघाट में राहुल गांधी को सद्बुद्धि मिल जाए, तो वे बताएं कि क्या उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है? राहुल गांधी और प्रियंका गांधी धरने के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी का काफिला इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ राजघाट पहुंचा। खरगे ने कहा- BJP की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।
इंडिया गठबंधन का काफिला राजघाट की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही सिविक सेंटर पहुंचने वाला है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत बस में बैठे सांसदों का काफिला MCD ऑफिस के पास से रामलीला मैदान होते हुए राजघाट की ओर जा रहा है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से फोन पर बात कर उन्हें दिल्ली बुलाया है। इंडिया गठबंधन के प्रमुख सदस्यों के साथ ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन को और प्रभावी बनाने की योजना बनाई जा रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमें विरोध प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। हम शांतिपूर्ण तरीके से धरना देना चाहते हैं। लगभग 300 सांसद प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमारे लोगों पर हमला किया गया। मोदी, शाह और ज्ञानेश ने देश को कब्जे में लिया है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी दी गई है।