CIA File Reveals Laden’s Plan: अमेरिका के खुफिया विभाग CIA की हाल ही में सार्वजनिक की गई एक रिपोर्ट से पता चला है कि आतंकवादी ओसामा बिन लादेन ने कई साल पहले भारत और कई अन्य देशों पर हमला करने की योजना बनाई थी। 1998 में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के लिए तैयार किए गए एक बेहद गोपनीय दस्तावेज़ के अनुसार, 9/11 हमलों से पहले ही बिन लादेन के अल-कायदा नेटवर्क ने भारत और पाकिस्तान को आतंकवादी हमलों के संभावित लक्ष्यों के तौर पर चिह्नित कर लिया था।
CIA द्वारा दी गई यह जानकारी उन अहम दस्तावेज़ों का हिस्सा है जो 9/11 की 25वीं बरसी पर सामने आए। 11 सितंबर को CIA ने 71 खुफिया रिपोर्ट सार्वजनिक कीं। यह 9/11 से जुड़े रिकॉर्ड्स का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक खुलासा था। 28 अगस्त 1998 की एक रिपोर्ट, जिसका शीर्षक था "बिन लादेन का आतंकवादी नेटवर्क अब भी एक खतरा है", इममें कहा गया था कि बिन लादेन भारत और पाकिस्तान समेत कई देशों पर हमला करने की योजना बना रहा था।
1998 की रिपोर्ट में कहा गया था कि लादेन ने मिस्र, अरब प्रायद्वीप खासकर कुवैत, सऊदी अरब और यमन-भारत, पाकिस्तान, युगांडा और नाइजीरिया में हमले की योजना बनाई थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि अमेरिकी अधिकारियों ने उन लोगों को गिरफ्तार करने में मदद की थी जो तिराना (अल्बानिया) और शायद बाकू (अजरबैजान) में हमले की तैयारी कर रहे थे।
इस दस्तावेज़ में भारत पर किसी खास हमले की योजना का ब्योरा नहीं है। इससे पता चलता है कि अमेरिकी इंटेलिजेंस ने भारत और पाकिस्तान को ऐसे देशों के तौर पर आंका था, जहां बिन लादेन का नेटवर्क हमले करने की योजना बना रहा था और यह 9/11 की घटना से तीन साल से भी पहले की बात है। यह चेतावनी नैरोबी और दार-ए-सलाम में 7 अगस्त, 1998 को अमेरिकी दूतावासों पर हुए बम धमाकों के कुछ हफ्ते बाद आई थी। इन धमाकों में 224 लोग मारे गए थे और इनके बाद बिन लादेन और अल-कायदा अमेरिका के रडार पर आ गया था।