IndiGo 2028 से शुरू करेगा इंटरनेशनल फलाइट
इंडिगो के CEO विली वॉल्श ने बताई कंपनी की योजना
A350 विमानों के जरिए लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर रही IndiGo
Fly Abroad With IndiGo Preparations Underway: इंडिगो के CEO विली वॉल्श ने एयरलाइन इंडस्ट्री की मौजूदा चुनौतियों के बावजूद कंपनी के भविष्य को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि विमानन क्षेत्र में विकास के कई बेहतरीन अवसर मौजूद हैं और इंडिगो इन चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, उन्होंने एयरपोर्ट चार्ज और टैक्स में कमी करने की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि एयरलाइन कंपनियों को राहत मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट एयरलाइन के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि भविष्य में एयरलाइन का कामकाज मुंबई और नवी मुंबई, दोनों एयरपोर्ट्स से होगा। साथ ही, उन्होंने विकास को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट के शुल्कों को प्रतिस्पर्धी (किफायती) रखने की जरूरत पर भी जोर दिया।
विली वॉल्श ने इंडिगो की भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि एयरलाइन 2028 की दूसरी तिमाही से वाइड-बॉडी A350 विमानों के जरिए लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस विस्तार के जरिए इंडिगो अपनी अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी को मजबूत करने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
वहीं, विमानन ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतें एयरलाइन के मुनाफे के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इस पर वॉल्श ने कहा कि फिलहाल कंपनी की ईंधन कीमतों की हेजिंग (Hedging) करने की कोई योजना नहीं है। गौरतलब है कि वॉल्श ने अगस्त में CEO का पद संभाला था।
मीडिया के साथ अपनी पहली आमने-सामने की बातचीत में विली वॉल्श ने माना कि मौजूदा समय में एविएशन इंडस्ट्री कई तरह की चुनौतियों से गुजर रही है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि इंडिगो इन परिस्थितियों से सफलतापूर्वक निपट सकती है। एविएशन इंडस्ट्री के अनुभवी वॉल्श इससे पहले इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के प्रमुख भी रह चुके हैं।