Weather Update: दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा। कुछ राज्यों में बाढ़ जैसे हालात भी बन गए हैं तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
भारी बारिश के चलते एक तरफ जहां नदियां उफान पर हैं तो वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन जारी है। कई राज्यों में स्कूलों को भी बंद करना पड़ा है तो वहीं भारी बारिश और भूस्खलन से अमरनाथ यात्रा भी प्रभावित हुई है। उत्तर प्रदेश में गंगा भी उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा खतरे के निशान पर बह रही हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी 2 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि शुक्रवार को धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रोहिणी, पीतमपुरा, लक्ष्मीनगर, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बारिश के चलते दफ्तर जाने वाले लोगों को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में आज बारिश की संभावना कम है,। प्रयागराज में सुबह से ही बारिश जारी है। कई और जिलों में भी बारिश की आशंका जताई जा रही है। 3 अगस्त को राज्य के पूर्वी और मध्य जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मऊ, गाजीपुर, गोंडा, बहराइच, आजमगढ़, गोरखपुर सहित कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
बिहार में आज कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। पटना, भागलपुर, गया, मुंगेर, नवादा, कटिहार और लखीसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का मानें तो कुछ जगहों पर जलभराव और परिवहन बाधित हो सकता है।
मध्य प्रदेश के भिंड, विदिशा, अशोकनगर, सीहोर, होशंगाबाद, ग्वालियर, गुना और टीकमगढ़ जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदियां भी उफान पर हैं।
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते अमरनाथ यात्रा को 3 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया है। बालटाल और पहलगाम रूट पर मरम्मत और सुरक्षा कार्य जारी हैं। भगवती नगर बेस कैंप से शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं का जत्था रवाना नहीं हो सका।