पीएम मोदी ने नशामुक्त युवा अभियान का किया जिक्र, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 7 हजार से अधिक कोर्स, डिजिटल ट्रेनिंग में कर्मचारियों की बढ़ी रुचि
संचार साथी पोर्टल से 14 लाख से ज्यादा मोबाइल बरामद, साइबर फ्रॉड रोकने में मिली बड़ी मदद
भारतीय कला, संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान, बिहार म्यूजियम को दुनिया में मिला 9वां स्थान
PM Modi Mann Ki Baat 29 November 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 नवंबर 2026 को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और नई तकनीक सीखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के डिजिटल प्रशिक्षण, साइबर धोखाधड़ी पर लगाम, भारतीय कला और संस्कृति की वैश्विक पहचान तथा खेल जगत में देश की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। पीएम मोदी ने समाज में सेवा, समर्पण और सामूहिक भागीदारी की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। आइए जानते हैं उनके संबोधन की 10 प्रमुख बातें।
प्रधानमंत्री मोदी ने नशामुक्त युवा अभियान का जिक्र करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने दिल्ली के एक ऐसे युवक से फोन पर बातचीत का उल्लेख किया, जिसने नशे की लत से बाहर निकलने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई। पुनर्वास केंद्र की मदद से उसने अपनी जिंदगी को नई दिशा दी। पीएम मोदी ने इस उदाहरण के जरिए बताया कि मजबूत संकल्प और सही मार्गदर्शन से नशे जैसी गंभीर समस्या को हराया जा सकता है।
पीएम मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए शुरू किए गए iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7,000 से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों को सीखने में कर्मचारियों की दिलचस्पी बढ़ रही है। अब तक इस प्लेटफॉर्म पर सवा 1.25 करोड़ से अधिक कोर्स पूरे किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने साइबर सुरक्षा और मोबाइल फोन की चोरी रोकने में संचार साथी पोर्टल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में 14 लाख से अधिक खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए हैं। इसके अलावा, नागरिकों की सतर्कता और 1,600 से अधिक संस्थाओं के सहयोग से 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित साइबर नुकसान को रोकने में मदद मिली है।
पीएम मोदी ने भारतीय कला, संस्कृति और विरासत की वैश्विक उपलब्धियों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि बिहार के पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है। वहीं, गुजरात के वडनगर म्यूजियम को बर्लिन में रेड डॉट बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वेनिस आर्ट बिएनाले में भारतीय पवेलियन को भी दर्शकों की सराहना मिली। ये उपलब्धियां भारतीय विरासत की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाती हैं।
प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती पहुंच का उदाहरण देते हुए तमिलनाडु के इरोड के ऑर्गेनिक पाम जैगरी यानी ताड़ के गुड़ का जिक्र किया। यह उत्पाद पहली बार यूरोप पहुंचा है। उन्होंने भारत से चॉकलेट के निर्यात में 25 प्रतिशत की वृद्धि का भी उल्लेख किया। गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध का संग्रह बढ़कर प्रतिदिन करीब 5,000 लीटर हो गया है। इससे अमूल चॉकलेट और आइसक्रीम जैसे उत्पाद तैयार कर रहा है।
पीएम मोदी ने फिट इंडिया अभियान के तहत चलाए जा रहे 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम की उपलब्धि साझा की। इस अभियान ने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं और इससे 37 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री ने बढ़ते मोटापे को गंभीर चुनौती बताते हुए लोगों से अपने खानपान में सुधार करने की अपील की। उन्होंने भोजन में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत तक कम करने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने खेल जगत में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने भारतीय फुटबॉल टीम की रिकॉर्ड 10वीं SAFF चैंपियनशिप जीत का उल्लेख किया। बैडमिंटन में लक्ष्य सेन ने कुमामोटो मास्टर्स और पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन का खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना के छह शहरों में 11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भी जिक्र किया।
पीएम मोदी ने विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय के सामाजिक योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कनाडा के साईं धाम फूड बैंक का उदाहरण दिया, जो हर महीने ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन में करीब 60 हजार जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाता है। इसके अलावा, कुलविंदर संगेरा के कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से गुरु नानक देव जी के सेवा और मानवता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने महान चित्रकार शोभा सिंह को याद करते हुए उनकी 125वीं जयंती का उल्लेख किया। शोभा सिंह ने सिख गुरुओं के कई प्रसिद्ध और आध्यात्मिक चित्र बनाए थे। उनके योगदान के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी किए जाने का भी जिक्र किया गया। पीएम मोदी ने भारतीय कला और संस्कृति को समृद्ध बनाने वाले ऐसे कलाकारों के योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस के संदर्भ में संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सर बेनेगल नरसिंह राव (बीएन राव) को भी याद किया। उन्होंने भारतीय संविधान की रूपरेखा तैयार करने में उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया और उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बीएन राव का योगदान भारतीय संवैधानिक इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।