यूपी साइबर सुरक्षा के अभेद्य कवच से होगा लैस; डेटा सुरक्षा और साइबर हमलों से बचाव पर हुआ मंथन

Workshop Held At UP-112 : यूपी-112 मुख्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए।
Officials and experts present at the workshop on cybersecurity
साइबर सुरक्षा पर आयोजित कार्यशाला में उपस्थित अधिकारी एवं विशेषज्ञ सोर्स : सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डीएससीआई और सिस्को की संयुक्त कार्यशाला

  • शासन-प्रशासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों के दिग्गज आए एक मंच पर

  • यूपी एआई मिशन से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक पर हुई चर्चा

Discussions Data Security Protection cyberattacks: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और तेजी से बदलती डिजिटल तकनीक के दौर में साइबर सुरक्षा की चुनौतियां भी जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में प्रदेश को डिजिटल रूप से सुरक्षित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण मंथन हुआ।

उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर आयोजित विशेष कार्यशाला में शासन-प्रशासन, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से बचाव के उपायों पर विचार साझा किये ।

गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए।

यूपी एआई मिशन से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक पर चर्चा

उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की निर्णायक भूमिका है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को स्वीकृति दी है।

इसके तहत बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान में एआई का उपयोग और युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थाओं से मिशन के तहत प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।

क्वांटम कंप्यूटिंग पर उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है।

Officials and experts present at the workshop on cybersecurity
ट्रैफिक प्रॉब्लम से बचा सकती है क्वांटम तकनीक; UPSIFS में स्टेज प्रेजेंटेशन, छात्रों ने दिखाया तकनीकी कौशल

कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा शुद्धता जरूरी: लीना जौहरी

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि तकनीक की सफलता इस बात से तय होगी कि वह आम व्यक्ति का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। सरकारी सेवाओं में एआई का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील विभाग में एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। वहीं, उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की जानकारी का खुलासा उसकी सुरक्षा को जोखिम में डाल सकता है। इसलिए कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी है

तकनीक के साथ मानवीय समझ भी जरूरी : कामिनी चौहान रतन

राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी है। करदाताओं से संवाद तथा ‘विभाग आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।

इसका उद्देश्य कुशल कर प्रशासन, सुशासन और करदाताओं की बात सुनते हुए अनुपालन सुनिश्चित करना है।

साइबर सुरक्षा में एआई का इस्तेमाल जरूरी, लेकिन जवाबदेही भी हो तय

पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में विश्वास, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने अमेरिका में एयरलाइंस और बैंक पर हुए साइबर हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देश भी इन खतरों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि, खतरों के डर से डिजिटल तकनीक से दूरी बनाना विकास की गति को प्रभावित कर सकता है।

Officials and experts present at the workshop on cybersecurity
PM मोदी का वाराणसी और ओडिशा दौरा, भुवनेश्वर में RBI के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा संस्थान का करेंगे उद्घाटन