कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे Source- Social Media
देश

अरुणाचल में चीनी सैनिकों से टकराव पर सियासत तेज, खरगे बोले- संसद में जवाब दें PM मोदी

China Border Tension: अरुणाचल प्रदेश में चीन के साथ टकराव की खबरों पर मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र को घेरा। उन्होंने सीमा सुरक्षा, गश्त और चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे पर जवाब मांगा।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • मल्लिकार्जुन खरगे ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों से टकराव की खबरों पर PM मोदी से जवाब मांगा।

  • कांग्रेस अध्यक्ष ने ताकसिंग और वाचा-दमाई से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र कर सीमा पर गश्त को लेकर सवाल उठाए।

  • खरगे ने चीन के साथ भारत के बढ़ते व्यापार घाटे को आर्थिक सुरक्षा से जोड़ते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की।

Congress on India-China Border Tension: अरुणाचल प्रदेश में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच टकराव की खबरों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले पर संसद और देश को विश्वास में लेने की मांग की है। खरगे ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के बयान का हवाला देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमा पर गश्त और चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि चीन को अब और क्लीन चिट नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के सशस्त्र बलों पर पूरा भरोसा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार की जवाबदेही जरूरी है। ITBP प्रमुख के बयान के बाद अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के साथ कई स्थानों पर टकराव जारी रहने की खबरें सामने आई हैं।

डोकलाम और गलवान के बाद फिर टकराव की स्थिति?

मल्लिकार्जुन खरगे ने अरुणाचल प्रदेश में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के साथ टकराव की खबरों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या डोकलाम और गलवान के बाद एक बार फिर गंभीर सीमा तनाव की स्थिति पैदा हो रही है।

खरगे के मुताबिक, अगस्त में अरुणाचल प्रदेश के ताकसिंग के निकट चीनी घुसपैठ की खबरें सामने आई थीं। उन्होंने वाचा-दमाई में कोर कमांडर स्तर की बातचीत के 47 दिन बाद भी कथित टकराव जारी रहने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या इस घटनाक्रम से भारतीय सैनिकों की गश्त की पहुंच प्रभावित हुई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि सीमा पर चल रहे घटनाक्रम के बारे में देश को स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है।

चीन से बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा भी उठाया

खरगे ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि वित्त वर्ष 2020-21 के बाद चीन से भारत के आयात में 102 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और व्यापार घाटा बढ़कर 112.16 अरब डॉलर हो गया है।

भारत सरकार के बीजिंग स्थित दूतावास की ओर से जारी व्यापार आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2020-21 में चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 44.02 अरब डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 112.16 अरब डॉलर हो गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चीन के साथ व्यापार और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से विपक्ष पर हमला करने के बजाय संसद और देश को विश्वास में लेने की अपील की।

लंबी उम्र जिएं अमित शाह ताकि अपने गलत कर्मों की... तुषार गांधी ने गृह मंत्री को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

MLC Election 2026 LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

भारत के शौर्य कमांडो कौन हैं? जो अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों का कर रहे सामना

अरुणाचल में तंबू लगा रही चीन की सेना, ITBP और PLA आमने-सामने; चीन को जवाब कैसे देगा भारत?

रेहान वाड्रा की तस्वीरें हटाने वालों को शशि थरूर ने कहा थैंक्यू, कांग्रेस MP ने ली चुटकी, बताया क्या था जरूरी