खड़गे ने इमरान मसूद का नाम लेकर कहा कि बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत है।
सपा ने कांग्रेस को शुरुआती बातचीत में 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सहारनपुर की विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने के सपा के फैसले से कांग्रेस नाराज है।
Kharge Imran Masood Statement: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी पार्टी के सांसद इमरान मसूद को नसीहत दी है। लखनऊ में आयोजित 'संविधान रक्षा मार्च' के दौरान खड़गे ने मंच से मसूद का नाम लेकर कहा कि पार्टी नेताओं को सिर्फ बयानबाजी करने के बजाय मिलकर काम करने पर ध्यान देना चाहिए।
दरअसल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद पिछले कुछ समय से सपा के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर लगातार तीखे बयान दे रहे हैं। इसी को लेकर खड़गे ने उन्हें संयमित रहने और संगठन के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मैं रोज कभी-कभी टीवी पर सुनता हूं, जो काफी जोश के साथ अपनी बात करते हैं, इमरान मसूद जी। लेकिन हमको बातों से ज्यादा काम भी करना है, इसलिए हम लोग जितना मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे।"
उन्होंने आगे कहा कि इमरान मसूद संसद में हैं और हमेशा पार्टी के लिए लड़ते हैं। वह अपनी बात मनवाने के लिए भी कोशिश करते हैं। खड़गे ने उनके जोश का जिक्र करते हुए संगठन में एकजुट होकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष की इस नसीहत के पीछे सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत को भी अहम वजह माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस तथा सपा गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है।
पिछले दिनों समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था। इस पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह सपा से भीख नहीं मांग रहे हैं।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बातचीत कर रहा है। इमरान मसूद भी इस टीम का हिस्सा हैं। इस बीच वह लगातार मीडिया में गठबंधन और सीटों के मुद्दे पर अपनी राय रख रहे हैं। ऐसे में खड़गे की सार्वजनिक नसीहत को पार्टी नेताओं के बीच बयानबाजी से बचने और मिलकर चुनावी तैयारी करने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
इमरान मसूद को हाल ही में उत्तर प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर विवाद की एक वजह सहारनपुर की विधानसभा सीटें भी हैं। समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली दो विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। इसके बाद इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि गठबंधन आपसी सहयोग से चलता है और कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है।
बृहस्पतिवार को भी मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर अपनी बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन में शामिल कोई दल पहले अपने उम्मीदवार घोषित कर दे और बाद में दूसरे सहयोगी के लिए सीट छोड़ने की बात करे तो इसे गठबंधन नहीं कहा जा सकता।