Highlights
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्टूबर की शाम भगदड़ हुई।
हादसे के बाद अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में 18 अक्टूबर के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित किए।
गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात कर मृतकों के प्रति संवेदना जताई।
अमित शाह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।
Kolkata Durga Puja Pandal Stampede: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भयावह हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बंगाल दौरे के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
शनिवार, 17 अक्टूबर की शाम उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से करीब 19 लोगों की मौत हो गई, जब कि कई अन्य घायल है। घायलों का इलाज जारी है, इसी बीच अमित शाह ने कहा कि वह रविवार को अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और दुख व्यक्त करते हुए जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर दिए अपने संदेश में कहा कि प्रशासन घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की व्यवस्था कर रहा है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अमित शाह के 18 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल में कई धार्मिक और दुर्गा पूजा से जुड़े कार्यक्रम शेड्यूल थे। उन्हें बेलूर मठ जाना था। इसके बाद हावड़ा के बाली स्थित देशबंधु क्लब और उत्तर कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी के दुर्गा पूजा पंडाल में जाने का कार्यक्रम था। उन्हें लेकटाउन स्थित श्रीभूमि दुर्गा पूजा पंडाल भी जाना था।
हालांकि, चोरबागान पंडाल में हुए हादसे के बाद गृह मंत्री ने रविवार के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए। अब वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।
17 अक्टूबर की शाम उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ एकत्रित हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बारिश शुरू होने के बाद पंडाल के बाहर इंतजार कर रहे लोग अंदर की ओर बढ़े, जिससे भीड़ अचानक बढ़ गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। घायलों को इलाज के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने पंडाल में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।