नई दिल्ली: जहां एक तरफ कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद अब पूरे देश के डॉक्टर लगातार गुस्से में हैं। वहीं इस कृत्य के विरोध में हजारों की तादाद में रेजिडेंट डॉक्टर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब पीड़िता को न्याय मिलने तक अपने काम बंद करने का ऐलान किया है। इस बीच आज से देशभर के सरकारी अस्पतालों में हालात और बद्तर हो सकते हैं, इसका कारण है कि रेजिडेंट डॉक्टर्स ने आज से OPD भी बंद करने का ऐलान किया है।
जानकारी दें कि फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने आज यानी 13 अगस्त को देशभर में OPD सर्विस बंद करने का ऐलान किया है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के बाद आरोपी पर बड़े एक्शन की मांग करते हुए राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान हो गया है।
वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को चिट्ठी भी लिखी है। इसमें उन्हें साफ बताया गया है कि पश्चिम बंगाल सरकार से उनकी तीन बड़ी मांगे हैं। पहला, मामले की निष्पक्ष गहन जांच कर दोषियों को सजा दिलायी जाना है। दूसरा, किन वजहों से इस अपराध को अंजाम दिया गया है, उसकी विस्तृत जांच की जाए। तीसरा, कार्यस्थल पर डॉक्टरों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
इधर महाराष्ट्र में आज सुबह 9 बजे से बंद का आह्वान किया गया है। महाराष्ट्र के सभी डॉक्टर सुबह 9 बजे से आज हड़ताल पर जा रहे हैं और BMC के डॉक्टर भी अब हड़ताल पर हैं। फिलहाल महाराष्ट्र के सभी अस्पतालों में गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद हैं। हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। यहां पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट में NCP पार्टी और चुनाव चिन्ह पर सुनवाई आज, शिवसेना मामले की सुनवाई टली
जानकारी दें कि बीते 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिला था। इसके बाद से ही डॉक्टर इस मामले में पीड़िता के लिए न्याय की पुरजोर मांग कर रहे हैं। इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात 31 वर्षीय पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ बीते 8 अगस्त की रात कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया था और उसकी हत्या भी कर दी गई थी।
पुलिस ने चेस्ट मेडिसिन विभाग के सेमिनार हॉल में द्वितीय वर्ष की छात्रा का अर्धनग्न शव बरामद किया था, जिस पर कई चोटों के निशान थे। इस मामले में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो अस्पताल परिसर में अक्सर आने वाला एक बाहरी व्यक्ति था।
कोलकाता पुलिस ने बीते सोमवार को सात डॉक्टरों और पांच अन्य लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया था, जो गिरफ्तार नागरिक स्वयंसेवक के परिचित थे। पुलिस ने दावा किया कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अश्लील वीडियो देखा करता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति ने 2019 में नागरिक स्वयंसेवक के रूप में काम करना शुरू किया था। उसने कम से कम चार बार शादी की थी और कहा जा रहा है कि वह महिलाओं को गलत निगाह से देखता था।
इधर अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कथित विफलता के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रधानाचार्य संदीप घोष ने बीते सोमवार को अपने पद और सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया था। घोष ने अपने त्यागपत्र में कहा, "मैं अब यह अपमान नहीं सह सकता। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं। मुझे हटाने के लिए प्रदर्शन भड़काया गया है। इसके पीछे एक राजनीतिक साजिश है।"