वक्कम मोहम्मद अब्दुल खादर की फोटो। सोर्स: AI
देश

मेरे प्यारे पापा, मेरी मां, कल सुबह 6 बजे मैं मर जाऊंगा, कौन थे दक्षिण भारत के भगत सिंह

Kerala Freedom Fighter: केरल के क्रांतिकारी वक्कम अब्दुल खादर ने 26 साल की उम्र में देश के लिए फांसी को गले लगा लिया। जानिए उनकी जिंदगी, INA से जुड़ाव और शहादत की पूरी कहानी।

अमन कुमार पाण्डेय

Highlights:

  • वक्कम अब्दुल खादर 21 साल की उम्र में मलेशिया गए और वहां इंडिया इंडिपेंडेंस लीग के जरिए आजादी की लड़ाई से जुड़े।

  • सुभाष चंद्र बोस की INA में शामिल होकर ब्रिटिश ठिकानों पर हमले के मिशन के तहत भारत लौटे, लेकिन गिरफ्तार कर लिए गए।

  • 10 सितंबर 1943 को मद्रास सेंट्रल जेल में फांसी दी गई। आखिरी खत में परिवार से अपनी शहादत पर गर्व करने की बात कही थी।

Vakkam Abdul Khader Last Emotional Letter: भारत की आजादी की लड़ाई में कई ऐसे क्रांतिकारी हुए, जिन्होंने अपनी जिंदगी की परवाह किए बिना अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। इनमें एक नाम केरल के वक्कम मोहम्मद अब्दुल खादर का भी है। महज 26 साल की उम्र में इस नौजवान ने देश की आजादी के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्हें न सिर्फ ब्रिटिश सरकार की यातनाएं सहनी पड़ीं, बल्कि आखिरकार फांसी के फंदे पर भी झूलना पड़ा। उनकी शहादत की कहानी आज भी लोगों को देशभक्ति और साहस की प्रेरणा देती है। वक्कम अब्दुल खादर के परिवार को लिखे आखिरी खत की पंक्तियां इस तरह हैं:-

मेरे प्यारे पिता, मेरी दयालु मां, मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, मैं आप सब से हमेशा के लिए विदा ले रहा हूं। मृत्यु कल सुबह 6 बजे से पहले मेरी मृत्यु हो जाएगी। जब आपको प्रत्यक्षदर्शियों से पता चलेगा कि मैं कितने साहस और खुशी से फांसी के फंदे पर चढ़ा तो आपको प्रसन्नता होगी। आपको अवश्य ही गर्व होगा..।

खादर को केरल का भगत सिंह भी कहा जाता है। फांसी से कुछ घंटे पहले परिवार के नाम लिखे उनके आखिरी खत की पंक्तियां बताती हैं कि मौत सामने होने के बावजूद उनके हौसले कितने बुलंद थे।

फांसी से पहले परिवार को लिखा आखिरी खत

वक्कम अब्दुल खादर ने अपने परिवार को लिखे आखिरी पत्र में मौत को लेकर किसी तरह का डर जाहिर नहीं किया था। उन्होंने माता-पिता, भाई-बहनों को संबोधित करते हुए लिखा था कि वह हमेशा के लिए उनसे विदा ले रहे हैं और अगली सुबह छह बजे से पहले उन्हें फांसी दे दी जाएगी।

उन्होंने परिवार से कहा था कि जब उन्हें प्रत्यक्षदर्शियों से पता चलेगा कि वह कितने साहस और खुशी के साथ फांसी के फंदे पर चढ़े, तो उन्हें दुख के बजाय गर्व महसूस होगा।

उनके शब्दों से साफ झलकता है कि वह अपनी शहादत को देश की आजादी के संघर्ष का हिस्सा मानते थे। यही वजह है कि उनका आखिरी खत आज भी स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।

गांधी से मिलने के लिए ट्रेन के डिब्बे में पहुंच गए थे खादर

मोहम्मद अब्दुल खादर का जन्म 1917 में केरल के तिरुवनंतपुरम के पास वक्कम गांव में हुआ था। साधारण परिवार में जन्मे खादर को संगीत और फुटबॉल का शौक था, लेकिन देश की राजनीतिक परिस्थितियों ने उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन की ओर खींच लिया।

वह केरल में दीवान सर सीपी रामास्वामी अय्यर के निरंकुश शासन के खिलाफ छात्र आंदोलन से भी जुड़े थे। महात्मा गांधी जब केरल आए थे, तब खादर उनसे मिलने के लिए उनके ट्रेन के डिब्बे में पहुंच गए थे। उन्होंने गांधीजी का हाथ चूमकर उनके प्रति अपना सम्मान जताया था।

महज 21 साल की उम्र में वह मलेशिया चले गए और वहां लोक निर्माण विभाग में काम करने लगे। इसी दौरान उनका संपर्क इंडिया इंडिपेंडेंस लीग से हुआ। यह संगठन विदेशों में रह रहे भारतीयों को ब्रिटिश शासन से आजादी के लिए एकजुट कर रहा था।

सुभाष चंद्र बोस की INA में हुए शामिल

मलेशिया में रहते हुए खादर भारतीय स्वतंत्रता के आंदोलन में सक्रिय हो गए। बाद में वह इंडिया इंडिपेंडेंस लीग के अन्य सदस्यों के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भारतीय राष्ट्रीय सेना (INA) में शामिल हो गए। उन्होंने पेनांग में स्थापित भारतीय स्वराज संस्थान में सैन्य प्रशिक्षण लिया। वह 50 कैडेटों के पहले बैच का हिस्सा थे। इसके बाद उन्हें एक बेहद खतरनाक मिशन के लिए चुना गया।

ब्रिटिश ठिकानों पर हमले के मिशन में मिली गिरफ्तारी

18 सितंबर 1942 को खादर उन 20 लोगों में शामिल किए गए, जिन्हें ब्रिटिश प्रतिष्ठानों पर सशस्त्र हमले के लिए भारत भेजा जाना था। इस दल को दो हिस्सों में बांटा गया। एक समूह को समुद्री रास्ते और दूसरे को सड़क मार्ग से भारत पहुंचना था।

खादर पनडुब्बी के जरिए भारत आने वाले दल में थे। करीब नौ दिन की समुद्री यात्रा के बाद उनका समूह केरल के मलप्पुरम जिले के थानूर तट पर पहुंचा। वहीं दूसरा समूह गुजरात के द्वारका के पास उतरा।

हालांकि, ब्रिटिश पुलिस को इसकी भनक लग गई। मालाबार स्पेशल पुलिस ने खादर और उनके साथियों को गिरफ्तार कर ब्रिटिश अधिकारियों के हवाले कर दिया। उन्हें चेन्नई की फोर्ट सेंट जॉर्ज जेल में रखा गया, जहां उन्हें यातनाएं दी गईं।

इस पूरे समूह को 'पेनांग 20' के नाम से जाना गया। मुकदमे के बाद पांच लोगों को मौत की सजा सुनाई गई, जबकि बाकी को आजीवन कारावास मिला। बाद में अपील के दौरान बोनिफेस परेरा की फांसी की सजा टल गई।

दोस्त को लिखा था- हमारी मौत कई लोगों के जन्म का रास्ता खोलेगी

10 सितंबर 1943 को मद्रास सेंट्रल जेल में वक्कम अब्दुल खादर और उनके साथियों को फांसी दे दी गई। उस समय उनकी उम्र महज 26 साल थी। फांसी से कुछ दिन पहले उन्होंने अपने साथी बोनिफेस परेरा को भी एक भावुक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने कहा था कि उनकी मौत कई अन्य लोगों के जन्म का रास्ता तैयार करेगी।

मातृभूमि की आजादी के लिए उनसे पहले भी अनगिनत बहादुर अपनी जान दे चुके हैं और उनके सामने वे पूर्णिमा के चांद के सामने जलती मोमबत्तियों के समान हैं। खादर की शहादत इस बात की मिसाल है कि भारत की आजादी की लड़ाई केवल देश के भीतर नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने भी लड़ी थी। उनका जीवन और आखिरी खत आज भी त्याग, साहस और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाते हैं।

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- आर्थिक संकट की कगार पर भारत; बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Kulgam: लतीफ भट नहीं करेगा आत्मसमर्पण, सुरक्षाबलों की कोशिशें नाकाम, 3 मंजिला मस्जिद में छुपा आतंकी

5 राज्यों में अगले साल 26 जनवरी के बाद होंगे विधानसभा चुनाव! कुछ ऐसा हो सकता है वोटिंग का शेड्यूल

Explainer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों में किन देशों का सबसे ज्यादा दौरा किया?

Akvan Cyclone: आंध्र-यनम-ओडिशा में मूसलाधार बारिश, 120 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; मछुआरों के लिए सख्त चेतावनी