Highlights:
तुर्रेबाज खान ने 1857 में हैदराबाद में अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह किया था।
उन्होंने मौलवी अलाउद्दीन के साथ मिलकर ब्रिटिश रेजीडेंसी पर हमले की योजना बनाई थी।
'तुर्रम खां' नाम आज भी आम बोलचाल में एक मुहावरे के रूप में इस्तेमाल होता है।
Turram Khan Ki Kahani: किसी को अकड़ दिखाते या खुद को बहुत बड़ा समझते देखा होगा तो आपने भी कहा होगा- 'ज्यादा तुर्रम खां मत बनो।' यह मुहावरा आज भी बातचीत में खूब इस्तेमाल होता है। लेकिन जिस नाम को लोग मजाक में लेते हैं, उसके पीछे अंग्रेजों से लोहा लेने वाले एक क्रांतिकारी की कहानी छिपी है।
उनका नाम था तुर्रेबाज खान। 1857 में हैदराबाद में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ मोर्चा खोला था। आइए जानते हैं आखिर उनकी बगावत की वजह क्या थी और कैसे एक बहादुर सिपाही का नाम आम बोलचाल का मुहावरा बन गया?
तुर्रम खां के नाम से मशहूर तुर्रेबाज खान 1857 के विद्रोह के दौरान हैदराबाद में अंग्रेजों के खिलाफ खड़े होने वाले क्रांतिकारियों में शामिल थे। उन्होंने मौलवी अलाउद्दीन के साथ मिलकर ब्रिटिश शासन के खिलाफ बगावत की योजना बनाई थी।
उस समय हैदराबाद के निजाम ने ईस्ट इंडिया कंपनी के साथ समझौता कर रखा था। ऐसे माहौल में अंग्रेजों के खिलाफ आवाज उठाना आसान नहीं था। इसी बीच ब्रिटिश अधिकारियों ने क्रांतिकारी चीदा खान को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें छुड़ाने के लिए तुर्रेबाज खान और मौलवी अलाउद्दीन ने ब्रिटिश रेजीडेंसी पर हमला करने की योजना बनाई।
बताया जाता है कि तुर्रेबाज खान ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के लिए बड़ी संख्या में लोगों को अपने साथ जोड़ा था। कुछ ऐतिहासिक विवरणों में उनके साथ करीब 5 से 6 हजार लोगों के जुटने का जिक्र मिलता है। इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश रेजीडेंसी को निशाना बनाया।
इस विद्रोह ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उस दौर में हैदराबाद में निजाम के अंग्रेजों के साथ होने के कारण आमतौर पर वहां 1857 की क्रांति का जिक्र कम होता है, लेकिन तुर्रेबाज खान और उनके साथियों ने इस क्षेत्र में भी विरोध की आवाज बुलंद की थी।
विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने तुर्रेबाज खान की तलाश तेज कर दी। बताया जाता है कि तालुकदार मिर्जा कुर्बान अली बेग ने उन्हें तूपरण के जंगलों में पकड़ लिया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कैद में रखा गया और बाद में गोली मार दी गई।
कहा जाता है कि उनकी मौत के बाद अंग्रेजों ने उनके शव को शहर के बीचोंबीच लटका दिया था, ताकि दूसरे लोग विद्रोह करने की हिम्मत न जुटा सकें। इसके बावजूद तुर्रेबाज खान का नाम अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों में याद किया जाता है।
तुर्रम खां का नाम केवल इस ऐतिहासिक घटना के कारण ही चर्चा में नहीं रहता। साल 2022 में लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी असंसदीय शब्दों और अभिव्यक्तियों की सूची में भी 'तुर्रम खां' शामिल था। इस सूची में ऐसे कई शब्द थे, जिन्हें संसद की कार्यवाही के दौरान संदर्भ और इस्तेमाल के तरीके के आधार पर असंसदीय माना जा सकता है।
आज आम बोलचाल में 'तुर्रम खां मत बनो' कहकर खुद को बहुत बड़ा समझने की आदत पर तंज कसा जाता है। लेकिन इस कहावत के पीछे 1857 के विद्रोह से जुड़ी एक ऐसी कहानी है, जो हैदराबाद में अंग्रेजों के खिलाफ हुए संघर्ष की याद दिलाती है।