सांकेतिक तस्वीर Source- IANS
देश

Kal Ka Mausam: 110 KM की रफ्तार से आगे बढ़ रहा तूफान अक्वान, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Akvan Alert: चक्रवात अक्वान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। IMD ने भारी बारिश और 110 KM तक हवा के झोंकों की चेतावनी दी है।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • चक्रवात अक्वान 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है।

  • तट पार करते समय हवा की रफ्तार 90-100 KM प्रति घंटे और झोंकों में 110 KM तक पहुंचने का अनुमान है।

  • दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 19 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

Weather Forecast 19 November: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अक्वान' लगातार ताकतवर हो रहा है। इसके चलते दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

चक्रवात के प्रभाव से 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरें उठने का खतरा है। दूसरी तरफ, उत्तर भारत में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।

कब तट से टकराएगा चक्रवात अक्वान?

IMD के मुताबिक, 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद था। पिछले छह घंटों के दौरान यह करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। उस समय ओडिशा के गोपालपुर से तूफान की दूरी लगभग 710 किलोमीटर और पुरी से करीब 770 किलोमीटर थी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्वान उत्तर-पश्चिमोत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम तथा दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। तट से टकराने के समय भी इसके भीषण चक्रवाती तूफान बने रहने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। वहीं, तेज झोंकों में इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

110 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

चक्रवात अक्वान का सबसे ज्यादा प्रभाव तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में देखने को मिल सकता है। IMD ने 19 और 20 नवंबर को इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है। 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर इससे भी ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

19 और 20 नवंबर को कुछ इलाकों में हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 19 नवंबर से लेकर 20 नवंबर को तूफान के तट पार करने तक हवा की गति 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

दिल्ली-NCR में सुबह छाएगी धुंध

दक्षिण और पूर्वी भारत में चक्रवात का असर दिखने वाला है, जबकि दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध या उथला कोहरा देखने को मिल सकता है।

तापमान को लेकर IMD का अनुमान है कि अगले 48 घंटों तक रात के पारे में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

यूपी और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में 19 नवंबर को बारिश की कोई बड़ी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है। हालांकि, पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में 21 और 22 नवंबर को हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है।

21 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, उत्तराखंड में 19 नवंबर के लिए बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

केट मिडलटन ने मुंबई के मैटरनिटी अस्पताल का किया दौरा, प्रिंस विलियम के बिना पहुंचीं प्रिंसेस ऑफ वेल्स

पहले 2020, फिर 2035, अब 2047...इसके बाद 3000 आएगा! विकसित भारत के लक्ष्य पर राहुल का तंज

लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा

QUAD समिट में पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगे वाला मार्कर, ट्रंप बोले- सेव इट; VIDEO वायरल

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी, संजय निरुपम और शाइना एनसी ने की महाराष्ट्र में बैन की मांग