सुबह की सैर के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस से दिल्ली AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में कराया गया भर्ती
कार्डियोलॉजी विभाग की निगरानी में इलाज जारी, स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार
Former Vice President Jagdeep Dhankhar Admitted to AIIMS: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान धनखड़ अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनटों तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाली और उन्हें पीसीआर (PCR) वाहन से उनके आवास पर पहुंचाया।
घटना के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था की गई। सूत्रों के अनुसार, घर पर आईएलबीएस (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनका टेस्ट किया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया। हालांकि, शुरुआती चिकित्सकीय सहायता के बावजूद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया।
आईएलबीएस (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ द्वारा प्राथमिक टेस्ट के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को एंबुलेंस के जरिए जगदीप धनखड़ को दिल्ली के एम्स पहुंचाया गया, जहां उन्हें अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अस्पताल में उनकी विभिन्न चिकित्सकीय जांच की जा रही हैं और डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।
75 वर्षीय पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन ने भी इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक मेडिकल बुलेटिन या बयान जारी नहीं किया है।
ऐसे में उनकी बीमारी की वास्तविक वजह और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल, डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।