Highlights
राजस्थान के अलवर में 16 जाट रेजिमेंट ने साथी की बेटी की शादी कराई।
रेजिमेंट ने शादी के खर्च के लिए परिवार को 1.61 लाख रुपये दिए।
जवानों ने विदाई के समय प्रीति को आशीर्वाद देकर पिता की कमी पूरी की।
Indian Army: राजस्थान के अलवर में एक ऐसी शादी हुई, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। यहां भारतीय सेना के जवानों ने अपने दिवंगत साथी की बेटी को शादी के दिन पिता की कमी महसूस नहीं होने दी। 16 जाट रेजिमेंट के अधिकारियों और जवानों ने न सिर्फ शादी में पहुंचकर परिवार की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि पिता की तरह बेटी को आशीर्वाद देकर विदा भी किया। सेना के जवानों के इस भावुक कदम की हर तरफ सराहना हो रही है।
दरअसल, हवलदार पप्पल सिंह भारतीय सेना की 16 जाट रेजिमेंट से जुड़े थे। उनके निधन के बाद परिवार को कई महत्वपूर्ण मौकों पर उनकी कमी का सामना करना पड़ा। जब उनकी बेटी प्रीति की शादी का समय आया, तो रेजिमेंट के अधिकारियों और जवानों ने परिवार के साथ खड़े होने का फैसला किया।
सभी जवान सैन्य वर्दी में राजस्थान के अलवर शादी समारोह में पहुंचे। उन्होंने उन जिम्मेदारियों को निभाया, जो आमतौर पर दुल्हन का पिता निभाता है। रेजिमेंट की ओर से शादी के खर्च में मदद के लिए परिवार को 1 लाख 61 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई।
इस दौरान जवानों ने पप्पल सिंह की पत्नी अनीता देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। शादी का सबसे भावुक पल तब आया, जब प्रीति की विदाई होने लगी। पिता की गैरमौजूदगी में सेना के जवान उसके साथ खड़े रहे और उसे आशीर्वाद देकर विदा किया। खास बात यह रही कि प्रीति की शादी उसी समारोह स्थल पर हुई, जहां उसकी चचेरी बहन पूजा का विवाह भी आयोजित किया गया था।
भारतीय सेना के जवानों का यह कदम दिखाता है कि फौज में रिश्ता केवल ड्यूटी और वर्दी तक सीमित नहीं होता। एक साथी के दुनिया से चले जाने के बाद भी उसके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और अपनापन बना रहता है। प्रीति के लिए उसके पिता के साथी जवानों का यह साथ जिंदगीभर याद रहने वाला पल बन गया।