Highlights
विपक्षी नेताओं की महामहिम राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद बयानबाजी
बीजेपी ने राहुल गांधी के दावे को झूठा बताया है
राहुल गांधी ने आरोप स्वीकार करने का दावा किया था
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्था का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया
India Bloc Members Meet President: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल को लेकर इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने देश के महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। मुलाकात के बाद राहुल गांधी की टिप्पणियों पर बीजेपी ने तीखा हमला किया है। बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता पर संवैधानिक संस्था का राजनीतिकरण करने और राजनीतिक फायदे के लिए गुमराह करने वाले बयान देने का आरोप लगाया है।
दरअसल मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने दावा किया था कि राष्ट्रपति ने कथित वोट चोरी का सबूत मांगा था और कहा था कि विपक्ष सबूत देने के लिए तैयार है। हालांकि राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों ने उनके इस दावे का खंडन किया।
भारत के राष्ट्रपति से मुलाकात के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणियों पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि राहुल गांधी ने बेहद चौंकाने वाले और बेशर्मी भरे अंदाज़ में, गलत और झूठे आरोपों के जरिए भारत के राष्ट्रपति के गरिमापूर्ण पद का राजनीतिकरण करने की कोशिश की है। राहुल गांधी की गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक हरकतें बेहद निंदनीय हैं। राहुल गांधी एक आदतन झूठे व्यक्ति हैं जो बुरी नीयत से तथ्यों को गलत तरीके से पेश करते हैं ताकि सच को तोड़ा-मरोड़ा जा सके।
राहुल गांधी ने कहा कि INDIA गठबंधन सोमवार को एक ज्ञापन के साथ भारत के मुख्य न्यायाधीश के पास जाएगा।
कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर विपक्ष के नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था। हिमाचल दौरे से वापस आने के बाद शुक्रवार को महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने इंडिया गठबंधन के नेताओं को मिलने का समय दिया था। राहुल गांधी और उनके नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। विपक्षी नेताओं से राष्ट्रपति की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थी।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने विपक्ष के द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए आरोपों को स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद बीजेपी इस मामले को लेकर हमलावर हो गई।
बीजेपी ने मुलाकात पर कहा कि इसमें सच से अधिक सियासत की गंध आती है। राहुल गांधी लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं को अपनी राजनीति का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आज ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दी हैं।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच इंतजार है कि राष्ट्रपति इस पूरे मामले में क्या रूख अपनाती है।