Highlights:
इमरान मसूद ने कहा- दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग हैं।
कांग्रेस सांसद ने प्रदूषण के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई।
दिल्ली के चांदनी चौक में AQI 400 और पूसा में 398 दर्ज किया गया।
Imran Masood Controversial Statement: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच चुका है। इस बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का दिवाली और प्रदूषण को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने कहा कि दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग हैं। इससे निपटने के लिए सरकार के भरोसे बैठने के बजाय लोगों को खुद जागरूक होना होगा।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, प्रदूषण जैसी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, "दिवाली हो या प्रदूषण, जो है वो मानव जनित रोग है। लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। सरकार उनकी हो या हमारी हो, सरकार बहुत ज्यादा इसके अंदर नहीं करेगी। लोगों को जागरूक होना पड़ेगा।"
इमरान मसूद ने अपने बयान में कुछ लोगों की आलोचना करते हुए कहा कि वे मानसिक रूप से विकृत हैं और केवल नकारात्मक बातें करते हैं। उनके इस बयान को दिल्ली में प्रदूषण और दिवाली से जुड़े विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
कांग्रेस सांसद ने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग दबाव में है और घबराहट में बार-बार अपने आदेश वापस ले रहा है। मसूद ने यह भी कहा कि लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
इमरान मसूद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मंगलवार, 10 नवंबर की सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के पार दर्ज किया गया।
सबसे खराब स्थिति चांदनी चौक में रही, जहां AQI 400 तक पहुंच गया। वहीं पूसा में 398 दर्ज किया गया। इसके अलावा कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में AQI 380, एनएसयूटी जाफरपुर में 384, टॉकटोरा गार्डन में 373, मथुरा रोड पर 372 और सिरीफोर्ट में 375 रहा।
आया नगर में AQI 360, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 364 और आईआईटी दिल्ली में 361 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।