Hyderabad Ameerpet Massive Fire News In Hindi: देश के अलग-अलग हिस्सों से आग लगने की खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली और बिहार के बाद अब तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आग का भीषण तांडव देखने को मिला है। हैदराबाद के व्यस्ततम इलाकों में से एक अमीरपेट में गुरुवार को एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आग अमीरपेट के मैत्रीवनम इलाके में स्थित मेट्रो पिलर नंबर A1043 के पास लगी है। आग की शुरुआत 'KSR फैशन्स' नामक प्रतिष्ठान से हुई। इमारत से उठती आग की ऊंची लपटों और आसमान में छाए काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की अन्य इमारतों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और लगातार मशक्कत कर रही हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन का पूरा ध्यान फिलहाल आग को और फैलने से रोकने और इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
इस भीषण आग और इमरजेंसी राहत ऑपरेशन के कारण अमीरपेट से SR नगर की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात पूरी तरह से रुक गया है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि वे इस रास्ते पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
हैदराबाद की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में दिल्ली-बिहार में आग ने भारी तबाही मचाई है। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में हुए अग्निकांड में 21 लोगों की जान चली गई थी, वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर में भी आग की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें:- लाइसेंस किसी का, बिल्डिंग किसी की! होटल मालिक लवकेश बजाज ने जय मिश्रा पर फोड़ा ठीकरा; पुलिस कर रही तलाश
इन लगातार हो रही घटनाओं ने शहरी इलाकों में अग्नि सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अमीरपेट जैसे घनी आबादी वाले इलाके में ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आ रही है।