BJP on Gyanesh Kumar Controversy: एक तरफ जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष देशभर में लगातार प्रदर्शन कर रहा है और उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है तो वहीं भाजपा पूरी तरह से उनके बचाव में उतर गई है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के एक बड़े नेता का कहना है कि ज्ञानेश कुमार को उनकी सेवा और योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बंगाल में बिना खून-खराबे के ही चुनाव करवाया है।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि असल बात तो ये है कि कांग्रेस पार्टी खुद ही राहुल गांधी की बातों पर ध्यान नहीं देती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती।
विपक्षी पार्टियों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार हो रहे प्रदर्शन पर उनका बचाव करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि ज्ञानेश कुमार कम से कम पद्म भूषण सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग इस बात से खुश हैं कि इतने लंबे वक्त बाद डराने-धमकाने की कोशिशों को दूर रखा गया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में हत्या की कोई घटना नहीं हुई और लोगों को असल में वोट डालने का मौका मिला।
भट्टाचार्य ने आगे कहा कि साथ ही, सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद, ज्ञानेश कुमार ने वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने शायद ही इससे पहले कभी ऐसा चुनाव देखा हो।
ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण दिए जाने की मांग करते हुए सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की आम जनता ज्ञानेश कुमार का पूरा समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के योगदान और शांतिपूर्ण बंगाल चुनाव के लिए उनको ‘पद्म भूषण’ सम्मान दिया जाना चाहिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई है। यह याचिका मीडिया में आई खबरों के आधार पर दाखिल की गई है। याचिका में आरोप है कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए गए। याचिकाकर्ता ने मांग की है कि ऐसे सभी निर्णयों को अवैध घोषित किया जाए और मूल फॉर्म-6 को दोबारा लागू किया जाए।