EC Assembly Elections Poll Date Announcement LIVE : जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा के चुनाव सकुशल संपन्न कराने के बाद निर्वाचन आयोग ने झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव को संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है। इसीलिए अब से थोड़ी देर बाद निर्वाचन आयोग आज अपनी प्रेस कांफ्रेंस करने जा रहा है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव की तैयारी की घोषणा की जाएगी। इसमें तीनों निर्वाचन आयुक्त मौजूद रहेंगे।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक इलेक्शन कमीशन की ओर से महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की घोषणा प्रेस कांफ्रेंस के जरिए दोपहर बाद 3:30 बजे की जाएगी। इसके लिए समस्त प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा विज्ञान भवन में प्रेस कांफ्रेंस के जरिए चुनावी तारीखों का ऐलान किया जाएगा।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटों के लिए और झारखंड विधानसभा में 81 सीटों के लिए चुनाव होना है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होगा।
केरल में 47 विधानसभा क्षेत्रों और 1 संसदीय क्षेत्र (वायनाड) के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे । उत्तराखंड में 1 विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे। महाराष्ट्र में 1 संसदीय क्षेत्र (नांदेड़) के लिए 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे। सभी जगह की मतगणना 23 नवंबर को होगी।
झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने बताया है कि झारखंड में केवल दो चरणों में मतदान कराया जाएगा । वहां पर 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। साथ ही साथ 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ वोटों की गिनती भी होगी।
झारखंड में चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। झारखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 2.6 करोड़ है। इनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान के पात्र युवाओं की कुल संख्या 11.84 लाख है। राज्य में कुल 29,562 मतदान केंद्रों की स्थापना की जाएगी, इनमें से 5042 मतदान शहरी इलाकों में जबकि 24,520 केंद्र ग्रामीण इलाकों में होंगे। राज्य में विधानसभा की 81 सीट हैं। इनमें 44 सामान्य, 28 अनुसूचित जनजाति और नौ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र में एक चरण में विधानसभा चुनाव होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्र चार नवंबर, 2024 तक वापस लिए जा सकते हैं। महाराष्ट्र में सभी 288 विधानसभा सीट के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में सीईसी राजीव कुमार ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं को मतदान में उनकी सशक्त भागीदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने लोकतंत्र के त्योहार को ऐतिहासिक बना दिया है। वहां के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया है। साथ ही अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है। अब इस लोकतांत्रिक यात्रा को आगे ले जाना जम्मू-कश्मीर के लोगों का काम है। इसके लिए उनको शुभकामना दी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनावी तैयारी के बीच उन्होंने सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को इस बात की हिदायत दी है कि जहां कहीं भी लंबी लाइन लगती हैं, वहां पर मतदाताओं की लाइनों के बीच में कुछ कुर्सियां भी रखवाई जाएं, ताकि आधे या 1 घंटे के इंतजार के बाद मतदाता कुर्सी पर बैठकर आराम कर सकें और मतदान में पूरी सक्रियता के साथ भाग लें।
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार सबसे पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर की गई तैयारी के बारे में जानकारी दे रहे हैं और उसके बाद झारखंड के आंकड़े पेश कर रहे हैं। दोनों राज्यों में युवा मतदाताओं पर जोर दिया गया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचने वाले हैं और उसके पहले सभी अधिकारी अपना अपना स्थान ग्रहण कर चुके हैं। मीडिया के लोग भी अपने-अपने स्थान पर बैठ चुके हैं। बस थोड़ी ही देर में महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव का ऐलान करने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त और उनके दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू करेंगे।
झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों की घोषणा करने वाले चुनाव आयोग पर झारखंड के मंत्री और कांग्रेस नेता रामेश्वर उरांव ने कहा कि हम सभी लोग चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सीटों के बंटवारे की कोई समस्या नहीं है। हमारा गठबंधन बढ़ सकता है। पहले 3 पार्टियां थीं, अब शायद 4 पार्टियां होंगी। जल्द ही मामले पर चर्चा करके इसे तय करेंगे।
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हम लोग चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। ...सीटों के बंटवारे के बारे में गठबंधन की बैठक में इस पर फैसला होगा। जल्द ही इस पर फैसला आपस में मिल बैठकर ले लिया जाएगा। फिलहाल हम लोग चुनाव आयोग की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
चुनाव आयोग द्वारा आज महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की घोषणा किए जाने पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि हमने लोकसभा चुनावों में चुनाव और लोगों का विश्वास जीता। हर कोई इसका इंतजार कर रहा था। इस राज्य सरकार ने केवल केंद्र सरकार के लिए काम किया है। वे जानते हैं कि यह उनका आखिरी चरण है। हम जल्द से जल्द चुनाव कराए जाने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि महाराष्ट्र के खिलाफ सरकार बदल जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को एक याचिका पर नोटिस जारी किया है, जिसमें यह निर्देश देने की मांग की गई है कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा किए गए मुफ्त उपहारों के वादे को रिश्वत घोषित किया जाए। भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया और याचिका को लंबित मामलों के साथ संलग्न कर दिया।
कर्नाटक निवासी शशांक जे श्रीधर द्वारा दायर याचिका में चुनाव आयोग को यह निर्देश देने की भी मांग की गई है कि वह चुनाव से पहले राजनीतिक दलों को मुफ्त उपहारों के वादे करने से रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाए। अधिवक्ता विश्वदित्य शर्मा और बालाजी श्रीनिवासन के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि मुफ्त उपहारों के अनियमित वादे सरकारी खजाने पर एक महत्वपूर्ण और बेहिसाब वित्तीय बोझ डालते हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा आज चुनाव आयोग द्वारा किए जाने पर जेएमएम सांसद महुआ माजी ने कहा कि महाराष्ट्र (विधानसभा चुनाव) का समय आ गया है, लेकिन हमारे चुनाव में अभी एक महीना बाकी है। यह दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों का महीना है। अगर इस महीने में प्रतिबंध लगाए गए तो दिक्कत होगी। लेकिन भाजपा अपने तरीके से देश चलाती है। हेमंत सोरेन के कामों से भाजपा घबरा गई है और जल्दी चुनाव कराना चाहती है। हमारी सरकार पूरी तरह से तैयार है। जनता किसी के बहकावे में आकर हमें दोबारा नहीं चुनेगी...भाजपा के कार्यकाल में झारखंड महिलाओं की तस्करी के लिए जाना जाता था। हेमंत सोरेन ने इसे रोका और राज्य में महिला सम्मान योजना शुरू की है। आयोग चुनाव कराएगा तो हम भी तैयार हैं।
महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले विपक्षी दलों ने एक बार फिर ईवीएम में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। इस पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को कहा कि जनता ने मतदान में हिस्सा लेकर सवालों के जवाब दे दिए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि जनता मतदान में हिस्सा लेकर सवालों के जवाब देती है। जहां तक ईवीएम का सवाल है, वे 100 फीसदी फुलप्रूफ हैं। अगर वे आज फिर सवाल उठाते हैं, तो हम उन्हें फिर से बताएंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों की आज घोषणा होने पर राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि एमवीए सीट बंटवारे की संख्या अभी तक अंतिम रूप नहीं दी गई है। हम चुनाव के लिए तैयार हैं...राहुल जी महाराष्ट्र का दौरा करेंगे, (चुनाव) गारंटी की घोषणा भी करेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों की आज घोषणा होने पर महाराष्ट्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि हमारी लड़ाई महाराष्ट्र के सम्मान और गरिमा को बचाने की है। इस सरकार ने महाराष्ट्र के सम्मान और गरिमा को गुजरात के चरणों में रख दिया है। इसी वजह से महाराष्ट्र की जनता बदला लेने के लिए चुनाव का इंतजार कर रही थी। हम चुनाव के लिए तैयार हैं...आचार संहिता के क्रियान्वयन को आगे बढ़ाया गया ताकि 7 एमएलसी का मनोनयन हो सके।