India Earthquake: शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक भारत और उसके पड़ोसी देशों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सबसे पहले लद्दाख के लेह में रात 12:27 बजे 3.7 तीव्रता का भूकंप आया, इसके बाद 1:20 बजे असम में 3.1 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया।
तड़के 4:02 बजे तिब्बत में 4.7 तीव्रता और करीब 18 मिनट बाद अफगानिस्तान में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि चारों स्थानों पर किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में आए झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, ये भूकंप मध्यम या हल्की श्रेणी के थे, इसलिए व्यापक नुकसान की आशंका कम रही।
आधी रात सबसे पहले केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भूकंप रात 12:27 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई।
भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 12 किलोमीटर की गहराई में था। झटके महसूस होते ही कई लोगों की नींद खुल गई और वे एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
लेह के बाद शुक्रवार तड़के तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 4:02 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 दर्ज की गई।
भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 30 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इसके करीब 18 मिनट बाद भारत के एक और पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी भूकंप दर्ज किया गया। अफगानिस्तान में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजकर 20 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3।5 मापी गई।
इसकी गहराई करीब 163 किलोमीटर थी। इतनी अधिक गहराई पर आने वाले भूकंप का सतह पर असर कई बार मुकाबले कम हो सकता है। राहत की बात है कि यहां भी अभी तक नुकसान की कोई खबर नहीं है।