राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि (सोर्स- सोशल मीडिया)
देश

राम मनोहर लोहिया पुण्यतिथि: आजादी की लड़ाई से सामाजिक न्याय तक, ऐसा रहा उनका राजनीतिक सफर

Ram Manohar Lohia: डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर जानिए उनके जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, समाजवादी विचारधारा, जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष और भारतीय राजनीति पर उनके प्रभाव की कहानी।

अक्षय साहू

Highlights:

  • डॉ. राम मनोहर लोहिया भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं और समाजवादी विचारकों में शामिल थे।

  • उन्होंने जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और अन्याय के खिलाफ लगातार आवाज उठाई।

  • लोहिया ने समाजवाद को भारतीय राजनीति और सामाजिक बदलाव से जोड़ने का प्रयास किया।

Ram Manohar Lohia Death Anniversary: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के निर्भीक सेनानी, प्रखर चिंतक और समाजवाद के पुरोधा डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि 12 अक्टूबर को है। 23 मार्च 1910 को उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में जन्मे लोहिया का जीवन विचार और कर्म के अद्भुत संगम की मिसाल है। ढाई साल की उम्र में मां चंदा देवी को खोने के बाद उनका पालन-पोषण दादी और परिवार की नाईन सरयूदेई ने किया। उनके पिता हीरालाल पेशे से शिक्षक और गांधीवादी थे, जिनके साथ वे बचपन से ही कांग्रेस अधिवेशनों में जाने लगे।

बचपन से ही दिखने लगे थे विद्रोह के तेवर

लोहिया की प्रारंभिक शिक्षा टंडन पाठशाला और विश्वेश्वरनाथ हाईस्कूल में हुई। लोकमान्य तिलक की मृत्यु पर 1920 में उन्होंने पहली बार स्कूल में हड़ताल करवाई। महात्मा गांधी के आह्वान पर 10 साल की उम्र में ही स्कूल छोड़ दिया। 1921 में फैजाबाद किसान आंदोलन के दौरान जवाहरलाल नेहरू से उनकी पहली मुलाकात हुई। इंटर की पढ़ाई काशी विश्वविद्यालय से की और वहीं से खादी पहनना शुरू किया। 1927 में वे कलकत्ता के विद्यासागर कॉलेज आए और छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए। साइमन कमीशन के बहिष्कार आंदोलन में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

लोहिया ने लोकमान्य तिलक की मृत्यु पर स्कूल में करवाई थी हड़ताल

विदेश में भी देश की आजादी की आवाज

1930 में वे उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड और फिर बर्लिन गए। तीन महीने में जर्मन भाषा सीखी और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री प्रो. बर्नर जेम्बार्ट के निर्देशन में 'नमक सत्याग्रह' विषय पर शोध कर 1932 में बर्लिन विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की। बर्लिन में ही उन्होंने लीग ऑफ नेशंस की बैठक में भगत सिंह की फांसी का विरोध करते हुए सीटी बजाकर सभागार में हंगामा खड़ा कर दिया था।

समाजवादी आंदोलन की नींव रखने में निभाई अहम भूमिका

1933 में भारत लौटने पर लोहिया ने समाजवादी आंदोलन की नींव रखी। 17 मई 1934 को पटना में और 21-22 अक्टूबर 1934 को बॉम्बे में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना में उनकी केंद्रीय भूमिका रही। 1935 में उन्हें कांग्रेस के परराष्ट्र विभाग का मंत्री बनाया गया।

भारत छोड़ो आंदोलन में भूमिगत रहकर किया संघर्ष

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उन्होंने युद्ध-भर्ती और युद्ध-कर्ज का खुलकर विरोध किया, जिसके लिए 1940 में उन्हें दो साल की सख्त सजा हुई। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में जब सभी बड़े नेता गिरफ्तार हो गए, तब लोहिया ने भूमिगत रहकर आंदोलन को नेतृत्व दिया। अच्युत पटवर्धन और उषा मेहता के साथ मिलकर उन्होंने गुप्त रेडियो स्टेशन चलाया और 'जंग आगे बढ़ो' जैसी पुस्तिकाएं लिखीं। 1944 में गिरफ्तार होने पर उन्हें लाहौर किले की उसी अंधेरी कोठरी में रखा गया, जहां 14 साल पहले भगत सिंह को फांसी दी गई थी।

भारत छोड़ो आंदोलन में निभाई अहम भूमिका

गोवा मुक्ति आंदोलन में भी फूंकी संघर्ष की चिंगारी

11 अप्रैल 1946 को जेल से रिहा होने के बाद 18 जून 1946 को उन्होंने गोवा में पुर्तगाली शासन के खिलाफ पहला सत्याग्रह किया और गोवा मुक्ति आंदोलन की अलख जगाई।

'चौखंभा राज्य' से विकेंद्रीकरण का दिया विचार

आजादी के बाद कांग्रेस से अलग होकर उन्होंने समाजवादी आंदोलन को नई दिशा दी। 1949 में पटना सम्मेलन में उन्होंने 'चौखंभा राज्य' का विचार दिया, जिसमें गांव, मंडल, प्रांत और केंद्र को बराबर की शक्ति देने की बात थी। 1952 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के गठन और बाद में 1955 में सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना में वे प्रमुख रहे।

गैर-कांग्रेसवाद के शिल्पी, जिन्होंने बदली भारतीय राजनीति

लोहिया को 'गैर-कांग्रेसवाद का शिल्पी' कहा जाता है। उनका मानना था कि लंबे समय तक सत्ता में रहकर कांग्रेस अधिनायकवादी हो गई है। उनके इसी विचार का परिणाम था कि 1967 के चुनावों में 9 राज्यों में कांग्रेस हारी, जिसने आगे चलकर 1977 में केंद्र में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार का रास्ता खोला। 1963 में फर्रुखाबाद उपचुनाव जीतकर वे लोकसभा पहुंचे और 'तीन आना बनाम पंद्रह आना' की उनकी बहस आज भी ऐतिहासिक मानी जाती है, जिसमें उन्होंने देश की गरीबी और प्रधानमंत्री पर होने वाले खर्च की तुलना की थी।

मातृभाषा को सम्मान दिलाने की मुहिम

1957 में उन्होंने 'अंग्रेजी हटाओ' आंदोलन चलाया। वे कहते थे, इसका मतलब 'हिंदी लाओ' नहीं, बल्कि 'मातृभाषा लाओ' है। उनके अनुसार, यदि सरकारी काम ऐसी भाषा में चले जिसे करोड़ों लोग न समझें, तो वह जादू-टोना ही है। वे चाहते थे कि आम भारतीय अपनी भाषा पर गर्व करे।

57 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

30 सितंबर 1967 को पौरुष ग्रंथि के ऑपरेशन के लिए उन्हें दिल्ली के विलिंगडन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 अक्टूबर 1967 को 57 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। कर्म और विचार की एकता के प्रतीक लोहिया आज भी भारतीय राजनीति में शुचिता और मौलिक देसी चिंतन के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं।

Weather Update: दिल्ली-NCR में भारी बारिश की चेतावनी, हरियाणा-UP के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

होर्मुज में भारतीय नाविकों पर अटैक से भड़का भारत, MEA ने जारी किया बयान, बोले- तुरंत बंद हो जहाजों पर हमले

दिल्ली में आर-पार की लड़ाई! कांग्रेस का दिल्ली चलो कॉल, SC मार्च की तैयारी में नेता विपक्ष राहुल गांधी

राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट मार्च का ऐलान, इससे पहले CJI ने मुलाकात से किया इनकार

Delhi CJP Protest: CEC के खिलाफ फिर जुटे प्रदर्शनकारी, कनॉट प्लेस से किए गए डिटेन