कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू और जितेंद्र सिंह के साथ PM मोदी Source- IANS
देश

परिसीमन बिल: 360 वोट की जरूरत, मोदी सरकार ने जुटा लिया 370 MPs का समर्थन; चेन्नई-मुंबई घूमते रहे विपक्षी नेता!

Two Third Majority Number in Lok Sabha: परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयकों पर सरकार ने 370 सांसदों के समर्थन का दावा किया है। लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • सरकार के सूत्रों ने संशोधित विधेयक के समर्थन में 370 सांसदों के वोट होने का दावा किया।

  • सभी 540 सांसदों के मतदान करने पर संविधान संशोधन विधेयक के लिए 360 वोट जरूरी होंगे।

  • DMK, YSRCP और BRS के कुछ सांसदों के समर्थन की भी चर्चा है।

Delimitation Bill 370 MPs Support: महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयकों को संसद में पेश करने से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा दावा किया है। सरकार का कहना है कि उसके पास विधेयक के समर्थन में 370 सांसदों के वोट हैं। यह संख्या लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से अधिक है। संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इसमें सरकार संशोधित संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पेश करेगी।

इस साल अप्रैल में संविधान के 131वें संशोधन से जुड़ा विधेयक लोकसभा में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा इसे पारित कराने की तैयारी में है।

'हमारे पास 370 सांसदों का समर्थन'

सरकार के एक वरिष्ठ सूत्र ने आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के पास पर्याप्त संख्या है। सूत्र ने कहा, "हम पूरी तरह तैयार हैं। विधेयक पारित कराने के लिए हमारे पास पर्याप्त संख्या है। कुल 370 वोट हमारे पास हैं, जो दो-तिहाई बहुमत से काफी अधिक हैं।"

हालांकि, सूत्र ने यह नहीं बताया कि सरकार को किन-किन दलों और सांसदों का समर्थन हासिल है। सरकार का यह दावा ऐसे समय आया है, जब विपक्षी दल विधेयक के विरोध की तैयारी कर रहे हैं और अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दे रहे हैं।

लोकसभा में 360 वोटों की जरूरत

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई वोट जरूरी हैं। लोकसभा की मौजूदा प्रभावी सदस्य संख्या 540 है। अगर सभी सदस्य मतदान करते हैं, तो विधेयक पारित कराने के लिए कम से कम 360 वोट चाहिए होंगे।

सरकार के दावे के मुताबिक, उसके पास 370 सांसदों का समर्थन है। यानी सभी 540 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में भी यह जरूरी आंकड़े से 10 वोट ज्यादा है। हालांकि, अंतिम संख्या मतदान के समय सदन में मौजूद और वोट डालने वाले सदस्यों पर निर्भर करेगी।

विपक्ष ने जारी किया व्हिप

विधेयक के खिलाफ विपक्षी दल भी अपनी तैयारी में जुटे हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत कई दलों ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर अगले दो दिनों तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। विपक्षी दलों का कहना है कि वे विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध करेंगे। साथ ही विपक्षी नेता स्टालिन और शरद पवार को मनाने के लिए चेन्नई-मुंबई भी पहुंचे हैं।

अप्रैल में पेश किए गए संविधान के 131वें संशोधन विधेयक को लोकसभा में 298 वोट मिले थे, जबकि 230 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया था। जरूरी विशेष बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।

डीएमके समेत कई दलों के समर्थन की उम्मीद

सरकार को इस बार कुछ ऐसे दलों का समर्थन मिलने की उम्मीद है, जिन्होंने पहले विधेयक का विरोध किया था। डीएमके के 22 सांसदों के संशोधित प्रस्ताव के समर्थन में आने की संभावना है। इसके अलावा वाईएसआरसीपी के चार सांसदों और बीआरएस के एक सांसद के समर्थन की भी चर्चा है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी महिला आरक्षण लागू करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

क्या है सरकार का प्रस्ताव?

सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए समान अनुपात में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके साथ ही राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की बात कही गई है।

प्रस्ताव में महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता भी तैयार किया गया है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की व्यवस्था की जाएगी। सीटों की अंतिम संख्या तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होगी। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है। सरकार के 370 सांसदों के समर्थन के दावे की असली परीक्षा लोकसभा में विधेयक पर होने वाले मतदान के दौरान होगी। - एजेंसी इनपुट के साथ

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; अब पवार को मनाएंगे

15 दिसंबर के बाद NDA में होंगे शरद पवार! शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू का बड़ा दावा

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं