दिल्ली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े सक्रिय सदस्य पवन उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है। उस पर अलीपुर इलाके में एक कारोबारी का अपहरण करने और बंदूक के दम पर उससे समझौते के कागज पर हस्ताक्षर कराने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कारोबारी पर एक पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था। ऐसा नहीं करने पर उसने कारोबारी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। इस कार्रवाई को राजधानी में संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 अक्टूबर की है। आरोप है कि पवन और उसके साथियों ने कारोबारी को एक गाड़ी में जबरन बैठाया और अलग-अलग जगहों पर ले गए। इस दौरान उसे डराकर समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए।
इस मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी नरेंद्र उर्फ भोलू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके पास से स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस को शक है कि इसी गाड़ी का इस्तेमाल कारोबारी के अपहरण में किया गया था।
पवन उर्फ मक्खी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी भी लगाई थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को आरोपी के ठिकाने की गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर टीम ने छापेमारी कर 21 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पवन के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उस पिस्तौल की तलाश कर रही है, जिसका इस्तेमाल वारदात के दौरान किए जाने का आरोप है। इसके अलावा कारोबारी से हस्ताक्षर कराए गए समझौते के दस्तावेज की भी तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में गैंग के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका थी।
खबर अपडेट की जा रही है।