CUET UG 2026 Exam Timing Revised: देशभर में आयोजित की जा रही CUET (UG) 2026 परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीसीएस ने इस तकनीकी समस्या की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण कुछ केंद्रों पर परीक्षा प्रारंभ होने में देरी हुई।
इस संबंध में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि तकनीकी समस्या को पूरी तरह से ठीक कर लिया गया है और अब परीक्षा सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।
TCS ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट के माध्यम से संशोधित समय और हेल्पलाइन नंबर साझा किया। TCS ने बताया है कि उनकी तरफ से आई एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण 30.05.2026 को कुछ सेंटरों पर CUET (UG) 2026 की शुरुआत में देरी हुई। यह समस्या अब ठीक कर ली गई है और परीक्षा पूरे अतिरिक्त समय के साथ आयोजित की जा रही है, ताकि किसी भी उम्मीदवार को कोई नुकसान न हो।
दोपहर के सत्र का समय (संशोधित):
• रिपोर्टिंग/प्रवेश: दोपहर 2:30 बजे से
• परीक्षा शुरू: शाम 4:00 बजे (दोपहर 3:00 बजे के बजाय)
NTA ने जानकारी दी कि सुबह के सत्र के उम्मीदवारों को पेपर पूरा करने के लिए पूरा समय दिया जा रहा है और वे पेपर पूरा करने के बाद ही बाहर निकल सकते हैं।
NTA ने परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी के लिए छात्रों और अभिभावकों गलती भी मानी। साथ ही हेल्पलाइन +91-11-40759000 / cuet-ug@nta.ac.in भी जारी किया, जिससे कि प्रभावित छात्र किसी भी समस्या के लिए एजेंसी से संपर्क कर सके।
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र को इस देरी के कारण नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है। एनटीए के अनुसार, सुबह की पाली में जिन छात्रों की परीक्षा देरी से शुरू हुई, उन्हें प्रश्नपत्र पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराया गया है।
ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा समाप्त होने से पहले केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें पूरे निर्धारित समय तक परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।
ये भी पढ़ें- सड़क पर नमाज गलत, तो बाकी त्योहार क्यों नहीं? ओवैसी का सरकार से सवाल, बोले- मुसलमानों को दबाया जा रहा
एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अभ्यर्थी को तकनीकी बाधा के कारण नुकसान न उठाना पड़े। इस बीच, परीक्षा केंद्रों पर मौजूद छात्रों और अभिभावकों ने देरी को लेकर चिंता जताई, हालांकि अतिरिक्त समय दिए जाने के फैसले से उन्हें कुछ राहत मिली है। एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों से संशोधित समय-सारिणी का पालन करने और परीक्षा संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।