नई दिल्ली. कांग्रेस ने गृहमंत्री अमित शाह द्वारा राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच कलह को लेकर कटाक्ष किए जाने के बाद शनिवार को उन पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें ‘नारद मुनि' की भूमिका निभाने की कोशिश बंद करनी चाहिए।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "गृहमंत्री को नारद मुनि की भूमिका निभाने की कोशिश बंद करनी चाहिए और अपनी पार्टी के साथी सत्यपाल मलिक द्वारा अपने साहेब पर लगाए गए बेहद गंभीर आरोपों पर जवाब देना चाहिए।"
https://twitter.com/Jairam_Ramesh/status/1647241892784996353
राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, "अमित शाह और भाजपा के नेता केवल नारेबाजी करते हैं जब चुनाव होते हैं। अमित शाह को कोई गंभीरता से नहीं लेता क्योंकि वह हमेशा चुनावी मोड में रहते हैं। उनके बयानों में कोई सच्चाई नहीं है। हमारे नेताओं के बारे में गलत टिप्पणी करना उनकी आदत बन गई है।"
https://twitter.com/ANI_MP_CG_RJ/status/1647261022087180290
डोटासरा ने कहा, "अमित शाह हों या पीएम नरेंद्र मोदी, वे हमेशा चुनावी मोड में रहते हैं, चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कह सकते हैं। अमित शाह राजस्थान आए लेकिन राजस्थान के लोगों के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की।"
गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को गहलोत और पायलट के बीच कलह को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जमीन पर पायलट का योगदान अधिक हो सकता है लेकिन कांग्रेस पार्टी का खजाना भरने में गहलोत का योगदान अधिक है। इसके साथ ही शाह ने कहा, "पायलट जी कोई भी बहाना करके यहां धरने पर बैठ जाएं मगर समझ लें ... आपका नंबर कभी नहीं लगेगा।" (एजेंसी इनपुट के साथ)