IndiGo Flight Bomb Threat: लखनऊ से दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई। इस विमान में करीब 180 विमान सवार हुए थे। लगभग 180 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान सुबह 10:45 बजे उड़ान भरने वाला था, लेकिन चालक दल को रवाना होने से ठीक पहले बम की धमकी के बारे में सूचना मिली।
नतीजतन, सुरक्षा उपाय के तौर पर विमान को एप्रन पर रोक लिया गया। सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और विमान की गहन तलाशी शुरू की गई। हालांकि शुरुआती जांच में यह धमकी एक धोखा लग रही थी, लेकिन सावधानी के तौर पर सभी स्टैंडर्ड सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट के शौचालय में एक टिशू पेपर मिला था। इस टिशू पेपर में 'बम' लिखा हुआ था। जैसे ही इस बात की जानकारी मिली तो फ्लाइट में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही जांच एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। जांच एजेंसी ने पूरे विमान की अच्छी से तलाशी ली। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसी को किसी भी प्रकार का विस्फोटक या कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि यह धमकी झूठी निकली है और इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा… उफनती अलकनंदा नदी में गिरा ट्रक, एक शव बरामद, कई लापता- VIDEO
इस संबंध में इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि 12 जून 2026 को लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई 2111 में टेकऑफ से ठीक पहले सुरक्षा से जुड़ा एक संभावित खतरा सामने आया। निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया और आवश्यक सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमान अपनी दिल्ली यात्रा पूरी करेगा।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए कंपनी खेद व्यक्त करती है और उन्हें समय-समय पर अपडेट देने के साथ-साथ जलपान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा इंडिगो की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मामले की जांच जारी है और खतरे की वास्तविकता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)